मालचंद फिर भाजपा में आने को तैयार

0
510

भाजपा ने दिया टिकट दिलाने का भरोसा
राजकुमार की भाजपा में एंट्री से थे नाराज

देहरादून। पुरोला के पूर्व भाजपा विधायक जो अभी चंद दिन पूर्व भाजपा को छोड़कर कांग्रेस के साथ चले गए थे अब उनके फिर भाजपा में आने की खबरें आ रही है। चर्चा है कि मालचंद को अब भाजपा से टिकट मिलने का भरोसा दिलाने के बाद वह भाजपा में लौटने को तैयार हो गए हैं।
राजनीति का खेल भी क्या अजब गजब खेल है। 2017 के चुनाव में मालचंद को भाजपा ने पुरोला सीट से अपना पार्टी प्रत्याशी बनाया था। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार ने उन्हें हरा दिया। अब राजकुमार को भाजपा ने अपने पाले में खींच लिया तो मालचंद को लगने लगा कि अब भाजपा में उनके लिए कोई जगह नहीं बची और राजकुमार की एंट्री के बाद तो उन्हें टिकट मिलने का सवाल ही नहीं रह जाता है। यही कारण था कि मालचंद ने कांग्रेस में अपने लिए सियासी जमीन तलाशनी शुरू कर दी और उन्हें इसमें आसानी से कामयाबी भी मिल गई। दिल्ली दरबार में मालचंद कांग्रेस के हो गए। माना जा रहा था कि पुरोला सीट पर कांग्रेस मालचंद को अपना प्रत्याशी बनाएगी लेकिन कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची फाइनल भी नहीं कर सकी थी की खबर आ गई कि मालचंद फिर भाजपा में जाने वाले हैं।
ख्ौर मालचंद कहां जाएंगे? और कब जाएंगे? यह अलग बात है लेकिन सिर्फ टिकट के लिए आज इधर और कल उधर आने जाने वाले नेताओं को जनता भी देख रही है। इस बारे में आज जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर मालचंद भाजपा में फिर आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है पार्टी ने उन्हें बाहर नहीं निकाला था। अब देखना यह है कि भाजपा मालचंद और राजकुमार में से किसे पुरोला से टिकट देती है। दोनों को उम्मीदवार बनाया नहीं जा सकता है। भाजपा किसे खड़ा करने वाली है और किसे किनारे लगाने वाली है यह अब आने वाला समय ही बताएगा, इतना तय है कि दोनों में से किसी एक को धोखा मिलना तय है। रही बात जीत हार की तो वह अभी बहुत दूर की बात है। राज्य में नेताओं की अवसरवादिता का आलम यह है कि टिकट के लिए वह किसी को छोड़ने और किसी के साथ भी जुड़ने को तैयार हैं। बस नेता जी को टिकट मिलना चाहिए। मालचंद भाजपा में जाते हैं या नहीं अथवा भाजपा उन्हें टिकट देती है या नहीं यह आने वाला समय ही बताएगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here