Home राष्ट्रीय Uttar Pradesh लुटेरी दुल्हन साथी सहित गिरफ्तार

लुटेरी दुल्हन साथी सहित गिरफ्तार

0
686

सहारनपुर। शादी कर कुछ ही दिनों में पति के घर से नगदी व जेवरात लेकर फरार हो जाने वाली एक लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया है। यहीं नहीं उसके गिरोह के सदस्य पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर लोगों से पैसा वसूला करते थे। लुटेरी दुल्हन अब तक विभिन्न राज्यों में ऐसी ही शादियंा करके कई लोगों को चूना लगा चुकी है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि थाना चिलकाना के गांव पंचकुआ निवासी प्रवीण ने गीता उर्फ सलोनी निवासी मोहल्ला टांडा जिला उधमसिंह नगर, अशफाक, नाजमा, संजय निवासी गांव पदार्था थाना पथरी, कंवर सिंह, राजकुमार निवासी कुंजा बहादुरपुर जनपद हरिद्वार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो बीते रोज लुटेरी दुल्हन अपने साथी सहित पुलिस की गिरफ्त में आ गयी। बताया कि मामले में पीड़ित प्रवीण ने बताया था कि आरोपियों ने षड़यंत्र के तहत फर्जी आधार कार्ड, फर्जी नाम व पता बताकर और तीन लाख रुपये लेकर गीता उर्फ सलोनी से उसका विवाह कराया था। इसके बाद आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसो की मांग की थी। बताया कि इस गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस को लगाया गया, जिसमें गीता उर्फ सलोनी व अशफाक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दुल्हन व उसके साथी नेे पुलिस को बताया कि वह गांवों में ऐसे लोगों की तलाश करते थे, जिनके परिवार में कोई युवक शादी के लिए लड़की तलाश कर रहा हो। ऐसे लोगों को विश्वास में लेकर गीता की शादी कराई जाती थी। जिसके चार दिन बाद ही गीता घर से पैसा व जेवरात लेकर फरार हो जाती थी। इतना ही नहीं, दहेज के लिए प्रताड़ित और मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस कार्रवाई डर दिखाकर वह लोगों से पैसा वसूला करते थे। बताया कि गीता इसी तरह अब तक चार शादी कर चुकी है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से लोगों को निशाना बना रहा था। इन्होंने हरियाणा, उत्तराखंड़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई लोगों से शादी कराकर पैसा वसूला है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here