4 महिलाओं के हत्यारे ने की आत्महत्या, शव बरामद

0
188

पिथौरागढ़। गंगोलीहाट बरसुम गांव में 4 महिलाओं की हत्या करने वाले आरोपी ने पेड़ से लटक कर अपनी भी जान दे दी है। सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन के लोगों ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
बता दें कि बीती शुक्रवार सुबह संतोष राम पुत्र मोहनराम ने बरसुम क्षेत्र में 4 महिलाओं की हत्या कर दी गयी थी। जिनमें उसकी पत्नी, ताई, भाभी व चचेरी बहन शामिल थी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। जिसकी तलाश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष राम पहले से ही अपनी ताई व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दिया करता था। जिसकी शिकायत के बावजूद उसे राजस्व पुलिस ने हल्के में लिया और उसने इसके बावजूद अपने गांव में इस चौहरे हत्याकांड को अजाम दिया। बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी जब भी अपनी ताई के परिवार को मारने की बात करता था तो उसकी पत्नी चंद्रकला उसका विरोध करती थी। अंदेशा है कि इस विरोध के कारण उसने सबसे पहले अपनी ही पत्नी चंद्रकला की गला घोटकर हत्या कर दी और उसके बाद उसने बड़ियाठ लेकर अपनी ताई के घर में घुसा और वहंा सो रही अपनी ताई सहित तीन महिलाओं की हत्या कर दी गयी थी। उत्तराखण्ड जैसे राज्य में एक साथ चार महिलाओं की हत्या की वारदात की खबर सुनकर शासन—प्रशासन में खलबली मच गयी और फिर रेगुलर पुलिस व राजस्व प्रशासन ने मिलकर फरार हत्यारोपी संतोष राम की जगंलों में तलाश शुरू कर दी गयी। लेकिन इतनी कोशिशों के बावजूद संतोष राम पुलिस गिरफ्त में नहीं आया जबकि प्रशासन द्वारा उसकी तलाश में द्रोण का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
चार दिन की तलाश के बाद आज पुलिस को सूचना मिली कि दिवाली बगड़ क्षेत्र के जंगल में उक्त हत्यारे संतोष राम का शव पेड़ से लटका हुआ है। जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर हत्यारोपी संतोष राम का शव कब्जे में लेकर अंग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। हालांकि क्षेत्र में यह अफवाह भी फैल रही थी कि संतोष राम इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आत्महत्या कर सकता है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here