टोक्यों। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज निधन हो गया है। देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री को गोली मार दी गई थी। गोली लगने के बाद ही आबे को हार्ट अटैक आ गया था। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन एयरलिफ्ट करते वक़्त ही शिंजो आबे की धड़कने रूक चुकी थीं। उन पर आज सुबह उस वक्त गोलियां दागी गई थीं जब वह नारा प्रांत में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। आबे को पश्चिमी जापान में हुए हमले के बाद विमान से एक अस्पताल ले जाया गया था। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था तथा उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। सरकारी प्रसारक ‘एनएचके’ ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया। शिंज़ो आबे पर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने इस हमले को एक ‘घृणित कार्य’ बताया है। उन्होंने कहा कि हमलावर के मक़सद के बारे में अभी मालूम नहीं चला है लेकिन इसका मौजूदा चुनाव प्रचार से संबंधित होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।