अवैध तरीके से भर्ती हुए 20 दरोगा सस्पेंड

0
274


विजिलेंस जांच में हुई पुष्टि के बाद पुलिस विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
2015—16 में हुई थी दरोगा भर्ती
हाकम के साथ दो दरोगाओं के फोटो हुए थे वायरल
ओ आर एम सीट में की गई थी छेड़छाड़


देहरादून। दरोगा भर्ती में हुई व्यापक धांधली की जांच में पुष्टि के बाद दोषी पाए गए 20 दरोगाओं को आज सस्पेंड कर दिया गया है। इस आशय की जानकारी एडीजे वी.मुरुगेशन द्वारा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि यूकेएसएसएससी परीक्षा में भर्ती घोटाले के खुलासे के दौरान यह बात सामने आई थी कि 2015—16 में हुई दरोगा भर्ती में भी व्यापक स्तर पर धांधली हुई है। 339 पदों के लिए 2015 में जारी विज्ञप्ति के बाद 17, 606 अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया गया था जिसकी परीक्षा पंतनगर विश्वविघालय द्वारा आयोजित कराई गई थी। इस परीक्षा में 229 पुरुष तथा 101 महिला अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया था। जिनकी ट्रेनिंग मेरठ और मुरादाबाद पीटीसी में कराई गई थी।
दारोगा भर्ती पर सवाल खड़े हुए तो सरकार द्वारा डीजीपी अशोक कुमार की पहल पर प्रशासन द्वारा इस मामले की भी जांच विजिलेंस से कराने का फैसला किया गया। इस बीच इस तरह के समाचार भी सुर्खियों में रहे कि इस बैच के कई दरोगा ऐसे हैं जो केस डायरी तक नहीं लिख सकते हैं। विजिलेंस जांच में पता चला कि ओ आर एम सीट में छेड़छाड़ कर कुछ अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से लाभ दिया गया है। विजिलेंस जांच में इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि दरोगा भर्ती में व्यापक स्तर पर धांधली की गई जिसके जरिए 30 से 35 दरोगा भर्ती होने में सफल रहे हैं। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) द्वारा इस बात की जानकारी दी गई है कि जांच में आरोपों की पुष्टि हो चुकी है तथा अवैध तरीके से दरोगा बनने वाले 20 दरोगाओ को फिलहाल सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिन जिलों तथा थाना—चौकियों में इस वक्त इनकी तैनाती है उन्हें तत्काल सूचना देकर इन 20 दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी दरोगा तब तक सस्पेंड रहेंगे जब तक उनका केस फाइनल नहीं होता है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि स्नातक भर्ती परीक्षा (पेपर लीक) मामले के सरगना हाकम सिंह के साथ 2 दरोगाओं के फोटो भी वायरल हुए थे जिन्हें लेकर सवाल उठ रहे थे कि अन्य परीक्षा की तरह 2015 की दरोगा भर्ती में भी धांधली हुई है। भर्ती परीक्षाओं में धांधलियों के नित नए मामले सामने आने के कारण सरकार व प्रशासन इस समय फुल एक्शन मोड में है। जिसके चलते आज इन 20 दरोगाओं पर गाज गिरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here