चंडीगढ़। फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास आज सुबह चलती ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना में एक महिला यात्री झुलस गई है जिसे उपचार हेतू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना मिलने पर दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार अमृतसर—सहरसा गरीब रथ (बिहार जाने वाली) ट्रेन में आज सुबह अचानक आग लग गई। ट्रेन के 2—3 एसी डिब्बों में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से एक महिला यात्री झुलस गई। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। चलती ट्रेन में आग की घटना फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास हुई है। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर कौंसिल सरहिंद के दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी।




