बेंगलुरु । इसरो के पूर्व अध्यक्ष कृष्णास्वामी कस्तूरीरंगन का बेंगलुरु में देहांत हो गया। नौ साल से अधिक समय तक अध्यक्ष के रूप में इसरो को अपनी सेवाएं देने के बाद कस्तूरीरंगन 2003 में रिटायर हुए थे। इसरो के बयान के अनुसार, कस्तूरीरंगन का निधन सुबह 10:43 बजे हुआ। उनका पार्थिव शरीर रविवार 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनता के अंतिम दर्शन के लिए बेंगलुरु के रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में रखा जाएगा। 1994-2003 के बीच इसरो के पांचवें अध्यक्ष के रूप में डॉ. कस्तूरीरंगन ने नौ वर्षों से अधिक समय तक अंतरिक्ष विभाग के सचिव का पद संभाला। इसरो में अपने लगभग 40 साल के लंबे करियर के दौरान, वे कई महत्वपूर्ण मिशनों का हिस्सा रहे। वे भारत के पहले दो प्रायोगिक अर्थ ऑब्जरवेशन उपग्रहों भास्कर-I और II के परियोजना निदेशक थे।