हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच विजिलेंस टीम ने बाल विकास विभाग में चल रही रिश्वतखोरी पर बड़ा प्रहार करते हुए रुड़की में एक महिला सुपरवाइजर को प्रमोशन के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में पंजीकृत मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत आज ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान राखी सैनी, सुपरवाइजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी रुड़की ग्रामीण द्वितीय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया है। आरोप है कि सुपरवाइजर द्वारा एक कर्मचारी से प्रमोशन कराने के नाम पर धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। सतर्कता टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं विभागीय तंत्र में इस घटना के बाद खलबली मच गई है।




