June 24, 2026उधमसिंहनगर। रूद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गावा चौक के पास कार सवार युवक पर दो राउंड फायरिंग की गई। हमले में युवक बाल—बाल बच गया, जबकि गोलियां कार के शीशों को चीरती हुई निकल गईं और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।पीड़ित एशप्रीत सिंह निवासी ग्राम दिबदिबा, थाना बिलासपुर (रामपुर, यूपी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात वह अपने दोस्तों गुरदीप सिंह और अर्जुन सिंह के साथ रुद्रपुर आया था। इसी दौरान गावा चौक के पास पहले से मौजूद जितेंद्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी ने उसे रोक लिया।आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर दो बार फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा—तफरी मच गई। पीड़ित ने कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दोनों गोलियां कार के शीशों पर जा लगीं।घटना के बाद पीड़ित ने कार कोतवाली परिसर में खड़ी कर दी, जहां वाहन पर गोली लगने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल एसएस अनिल जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
June 24, 2026देहरादून। लिफ्ट मांगने के बहाने बाईक लूटने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।मिली जानकार के अनुसार लक्खीबाग निवासी अंकित कुमार ने डालनवाल़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि गत रात्रि 10 बजे के लगभग मे अपनी बाइक से प्रिंस चौक से घर की तरफ आ रहा था तभी 03 अज्ञात लडकों ने उससे लिफ्ट मांगी और एक लड़का उसके साथ बेठ गया, व 02 अन्य लोग अपनी बाइक पर उसके पीछे—पीछे आने लगे। जैसे ही वह तिब्बती माकेट के पास पहुँचा तो उसके पीछे बैठे लडका उतरा और उसकी बाईक की चाभी छीन ली और बाइक से उतरते ही मारपीट व गली गलोज करने लगा तभी 02 लोग अन्य अपनी बाइक से उतरे व मारपीट व छीनाछपटी से उसकी बाईक वहां से ले गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चैकिंग के दौरान तिब्बती मार्केट के पास से लूटी गयी बाईक के साथ तीन लोगों के गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम कुलदीप पुत्र शम्भू प्रसाद निवासी आर्दश कालोनी, नमन पुत्र राजेन्द्र सिंह, दीपक चिलानीया पुत्र रोबिन चिलानिया निवासी अपर नत्थनपुर बताया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
June 24, 2026देश के पढ़े लिखे युवा बेरोजगार सड़कों पर है। पेपर लीक और सरकार की कार्य प्रणाली तथा सिस्टम की नाकामियों को अपनी बर्बादी का जिम्मेदार मानने वाले यह युवा भले ही अत्यंत आक्रोशित हैं लेकिन वह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहकर ही अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। एक तरफ कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके अपने ऊपर हुई थप्पड़ों की बरसात के बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए 5 दिन के अल्टीमेट की समय सीमा निकल जाने के बाद भी धैर्य और संयम के साथ पांचवें दिन भी अपने विरोध प्रदर्शन को जारी रखे हुए हैं तथा पुलिस प्रशासन से भी सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं साथ ही वह अनिश्चितकाल तक मैदान में डटे रहने की घोषणा भी कर चुके हैं। जो अब सत्ता में बैठे लोगों को नाकाबिले बर्दाश्त हो चुका है। उन पर पुलिस प्रशासन सत्ता के इशारे पर जंतर मंतर से हटाने के लिए दबाव बना रहा है लेकिन वह भी आर पार की लकीर खींच चुके हैं। शासन प्रशासन के लिए चुनौती बना यह युवा आक्रोश अब सत्ता के लिए चुनौती बन चुका है। मगर उसे यह भी डर है कि अगर इन युवाओं के खिलाफ बल प्रयोग हुआ तो उसके परिणाम श्रीलंका और नेपाल जैसे जेन जे आंदोलन का रूप लेने में समय नहीं लगेगा। दिपके तो अब सभी युवाओं और उनके अभिभावकों को सहयोग के लिए आगे आने की अपील कर ही रहे हैं साथ ही वह किसानों और नेता विपक्ष राहुल गांधी से भी युवाओं के समर्थन में आगे आने की अपील कर रहे हैं। युवाओं के इस आंदोलन को अराजक बनाने की कोशिशे भी पर्दे के पीछे से चल रही है और सरकार तथा प्रशासन मौके की तलाश में बैठा है कि वह इस आंदोलन का अंत कराये। युवाओं के इस आक्रोश के साथ किसी भी तरह का खेला हुआ तो वह आग से खेलना ही होगा। इन युवाओं का दर्द व पीड़ा को अगर ठीक से समझा जाए तो अब पेपर लीक के कारण दर्जन भर से अधिक युवाओं की आत्महत्याओं और मानसिक तनाव से समझा जा सकता है जो वह सालों से पेपर लीक के कारण झेल रहे हैं। राहुल गांधी ने अभी कोटा में छात्रों के साथ जो संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया था उसमें उमड़ी युवाओं की भीड़ और राहुल गांधी का इस समस्या की जड़ के बारे में बेबाकी से रखी गई अपनी बात से छात्रों को लगा था कि सिर्फ राहुल गांधी ही उनकी समस्या का समाधान कर सकते हैं। युवा वह चाहे राहुल गांधी के साथ खड़े दिख रहे हो या जंतर मंतर पर अभिजीत दिपके के साथ। इन सभी की समस्याएं अलग—अलग नहीं है। सत्ता में बैठे लोगों के लिए यह युवा आक्रोश इसलिए बेकली का कारण बना हुआ है कि यही युवा अब तक सरकार की सबसे बड़ी ताकत बनकर उसके साथ रहा है उनकी नाराजगी का मतलब भी साफ है अगर सरकार के हाथ से यह युवा वोटर छिटक जाता है तो भाजपा का पत्ता साफ समझो। यही कारण है कि सत्ता इनके साथ वैसा करने में हिचक रही है जैसा वह किसान आंदोलनकारी व अन्य आंदोलनकारियों के साथ करती आई है। हालात कब करवट बदल लेते हैं इसका कुछ भी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। हो सकता है भाजपा में अब इस्तीफे नहीं होते हैं कहने वाली पार्टी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कराकर कॉकरोचों को कभी भी घर भेज सकती है। क्योंकि उनकी मांग सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक ही सीमित है। या फिर पुलिस फोर्स का प्रयोग कर उनके मनोबल को भी चकनाचूर कर सकती है। लेकिन इस खेल में अब सरकार की स्थिति आगे कुआं पीछे खाई वाली ही है। इसका बड़ा नुकसान हर हाल में सरकार को ही होना तय है। क्योंकि उसके पास इसका कोई उचित समाधान ही नहीं है।
June 24, 2026हरिद्वार। श्यामपुर फ्लाईओवर पर बीती देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पांच वर्षीय मासूम भी शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नाती शिवा के साथ बाइक से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान श्यामपुर फ्लाईओवर पर अंधेरे में खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर—ट्रॉली से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद वीर सिंह, मंजू और मासूम शिवा को मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर—ट्रॉली खड़ी थी, जिससे अंधेरे के कारण बाइक सवार उसे समय रहते देख नहीं पाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
June 24, 2026भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पूछा- यूकेडी मैदान में उतरेगी या किसी बड़े दल की गोद में बैठेगी भाजपा को यूकेडी का डर या चुनावी बेचौनी, महेंद्र भट्ट की पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की सोशल मीडिया पोस्ट पर उठे सवाल देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की आहट तेज होते ही प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने सीधे उत्तराखंड क्रांति दल पर निशाना साधते हुए लिखा कि अब देखना यह है कि यूकेडी कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती है या फिर किसी बड़े दल की गोद में बैठ जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूकेडी का इतिहास सत्ता के साथ जाने का रहा है।यही पोस्ट अब राजनीतिक बहस का विषय बन गई है। सवाल यह उठ रहा है कि जिस यूकेडी का विधानसभा में वर्तमान में कोई प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं है, उस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक टिप्पणी करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब कोई बड़ा दल किसी छोटे दल पर लगातार टिप्पणी करने लगे तो इसका अर्थ यह भी हो सकता है कि वह उसके संभावित चुनावी प्रभाव को लेकर सतर्क है।यूकेडी भले ही पिछले दो दशकों में चुनावी तौर पर कमजोर हुई हो, लेकिन उत्तराखंड राज्य आंदोलन की विरासत आज भी उसके साथ जुड़ी हुई है। पहाड़ के कई क्षेत्रों में पार्टी का भावनात्मक आधार अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में यदि विधानसभा चुनाव में यूकेडी अधिक सीटों पर उतरती है तो वह कई सीटों पर वोटों का समीकरण प्रभावित कर सकती है। महेंद्र भट्ट की पोस्ट को विपक्ष और राजनीतिक जानकार भाजपा की चुनावी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि यूकेडी स्वतंत्र राजनीतिक ताकत नहीं रही, जबकि दूसरी ओर इस तरह की टिप्पणी यह भी संकेत देती है कि भाजपा किसी भी संभावित वोट कटवा समीकरण को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि उत्तराखंड की राजनीति में यूकेडी का वोट प्रतिशत भले सीमित रहा हो, लेकिन त्रिकोणीय मुकाबलों में उसका प्रभाव कई सीटों पर निर्णायक बन सकता है। यही कारण है कि चुनाव से पहले क्षेत्रीय दलों की गतिविधियों पर राष्ट्रीय दलों की पैनी नजर रहती है। हालांकि भाजपा की ओर से इसे सामान्य राजनीतिक टिप्पणी बताया जा सकता है, लेकिन समय और संदर्भ को देखते हुए यह पोस्ट कई सवाल छोड़ गई है। यदि यूकेडी वास्तव में भाजपा के लिए अप्रासंगिक है तो फिर उसके भविष्य को लेकर प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक टिप्पणी करने की जरूरत क्यों महसूस हुई?अब निगाहें यूकेडी की रणनीति पर होंगी। क्या पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी या फिर किसी गठबंधन का रास्ता चुनेगी? इसका जवाब आने वाले महीनों में मिलेगा। लेकिन इतना तय है कि महेंद्र भट्ट की इस एक पोस्ट ने विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है।
June 24, 2026नैनीताल। जूते के शोरूम में देर रात आग लगने से क्षेत्र में अफरा—तफरी फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना में लाखों के नुकसान ही आशंका जताई जा रही है।आग लगने की यह घटना शहर के व्यस्ततम बाजार मीरा मार्ग स्थित “माशा शूज” शोरूम में देर रात अचानक हुई। जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे दुकान बंद होने के बाद आसपास के लोगों ने शटर के भीतर से घना धुआं निकलता देखा। देखते ही देखते बाजार में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर कर्मियों की तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।बताया जा रहा है कि यह दुकान सुमेर सिद्दीकी पुत्र मतीन सिद्दीकी की है। आग की चपेट में आने से दुकान का अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात एसडीएम मोनिका भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।