नैनीताल। ड्यूटी के दौरान जमीन की नाप जोख करने गयी महिला पटवारी व कानूनगो पर जानलेवा हमला कर सरकारी दस्तावेज फाड़ दिये गये। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।
जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब महिला पटवारी पूनम और कानूनगो हरीश यादव किसी मामले में जमीन की नापजोख करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रामनगर के ग्राम कंदला की निवासी आशा रावत की भूमि पर कब्जा विवाद चल रहा है, राजस्व टीम धारा 41 एनआर एक्ट के तहत भूमि की नापजोख करने पहुंची थी। इसी बीच एक परिवार, जिस पर जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप है, मौके पर पहुंचा और नापजोख रुकवाने के इरादे से हंगामा खड़ा कर दिया। महिला पटवारी व राजस्व उपनिरीक्षक का आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने महिला पटवारी के हाथ से सरकारी फाइल और दस्तावेज छीन कर फाड़ दिए, इतना ही नहीं टीम के साथ अभद्रता, धक्का—मुक्की और जान से मारने की धमकी तक दी गई। जिस कारण नापजोख की प्रक्रिया अधूरी रह गई।
घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया,उपजिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार ने बताया हमारे संज्ञान में मामला आया है कि राजस्व निरीक्षक और पटवारी पर अभद्रता की गई है और सरकारी दस्तावेज फाड़े गए हैं,यह गंभीर अपराध है। घटना की जानकारी तत्काल रामनगर थाने को दे दी गई है। एसडीएम ने निर्देश दिया कि कानूनगो और पटवारी इस मामले में तुरंत तहरीर दें, ताकि आरोपियों पर नियम अनुसार कठोर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना, सरकारी दस्तावेज नष्ट करना और राजस्व कर्मचारियों के साथ अभद्रता करना दंडनीय अपराध है, प्रशासन आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाएगा।




