- भाजपा के लोग ही भाजपा को हराएंगे
- अग्निवीर व दिल्ली में मंदिर बड़ा मुद्दा
देहरादून। डॉ. हरक सिंह रावत ने दावा किया है कि इस बार केदारनाथ में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार इस बार चार धाम यात्रा प्रबंधन में बुरी तरह फेल साबित हुई है। यात्रा के दौरान भारी कुप्रबंधन से यात्रियों को तो मुश्किलें झेलनी ही पड़ी है साथ ही सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य के छोटे कारोबारी और तीर्थ पुरोहित व पुजारी भी नाराज हैं। डा. हरक सिंह का कहना है कि दिल्ली में केदारनाथ मंदिर बनवाने वाली भाजपा को आम लोगों की नाराजगी बहुत भारी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हर घर परिवार से कोई न कोई फौज में है। पहाड़ के युवाओं के लिए फौज की नौकरी के मायने क्या रहते हैं हम सभी जानते हैं लेकिन अग्नि वीर जैसी योजनाएं लाकर भाजपा ने युवाओं के रोजगार पर बड़ा कुठाराघात किया है। इस योजना के बाद युवाओं के पास अब इधर—उधर भटकने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
डा. हरक सिंह से जब केदारनाथ सीट पर खुद की दावेदारी और टिकट न मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह वास्तव में दावेदार थे ही नहीं उनका नाम तो उनके कुछ शुभचिंतकों और मीडिया वालों ने यूं ही चला दिया था तो मैने भी मजे लेने के लिए कह दिया। उन्होंने कांग्रेस के अंदर खींचतान के सवाल पर कहा कि कांग्रेस में कोई खींचतान नहीं अभी आपको यह नहीं पता है कि भाजपा में क्या हो रहा है? भाजपा के लोग भाजपा को चुनाव हराने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मुश्किलें भी इस चुनाव के बाद बढ़ने वाली है। भाजपा कैसी पार्टी है मैं इसके बारे में अच्छी तरह से जानता हूं।



