चार धाम यात्रा विधिवत शुरू

0
187

  • गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुले
  • सीएम धामी ने की मां गंगा की पूजा अर्चना
  • श्रद्धालुओं का सैलाब, पुष्प वर्षा से स्वागत

उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग। आज तय मुहूर्त में गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही विधिवत रूप से चार धाम यात्रा का आगाज हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में मां गंगा की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और मां गंगा से चार धाम यात्रा के सकुशल संचालन का आशीर्वाद लिया। धामों में मौजूद हजारों की संख्या में लोगों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।


तीन दिन पूर्व मुखवा से रवाना हुई मां गंगा की चल विग्रह डोली आज सुबह धाम पहुंची। कपाट खुलने के बाद प्रथम दर्शनों के लिए यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी। शुभ मुहूर्त के अनुरूप ठीक 10.30 बजे मां गंगा के मंदिर के कपाट विधि विधान के साथ मंत्रोच्चारण के बीच खोले गए। इस शुभ मुहूर्त पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे तथा उन्होंने पूजा अर्चना की। धाम में मौजूद श्रद्धालुओं का हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। फूलों से सजे धाम की अनुपम छटा अत्यंत थी मनोहारी थी।
उधर आज सुबह अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से मां यमुनोत्री की चल विग्रह डोली अपने भाई शनि के साथ धाम के लिए रवाना हुई तथा 6 किमी लंबे चढ़ाई भरे मार्ग से धाम पहुंची। यह पहली मर्तबा है जब मंंा यमुनोत्री की चल विग्रह डोली सैनिक बैंण्ड के साथ खरसाली से धाम पहुंची है। तय मुहूर्त के अनुसार ठीक 10.55 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा अर्चना के साथ खोल दिए गए। मुख्यमंत्री धामी यहां कपाट खुलने के समय नहीं पहुंच सके जिसे लेकर तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी भी देखी गई। आज पहले दिन दोनों धामों में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा व मां यमुना के दर्शन का पुण्य लाभ कमाया।
इसके साथ ही आज अक्षय तृतीया के दिन दोनों धामों के कपाट खुलने के साथ ही चार धाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मुख्य पड़ावों से यात्रियों का धामों में पहुंचना जारी है। बाबा केदार की पंचमुखी डोली भी आज अपने तृतीय पड़ाव फाटा से गौरीकुंड के लिए रवाना हो चुकी है तथा 2 मई को धाम पहुंच जाएगी। बाबा केदार के मंदिर के कपाट 2 मई तथा बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 4 मई को खुल जाएंगे। दोनों धामों में साज सज्जा का काम चल रहा है। इसके साथ ही चार धाम यात्रा पूर्ण रूप से संचालित हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here