देहरादून। चमोली पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए 70 नाली भूमि से अवैध रूप से उगाई गयी भांग की खेती को नष्ट किया गया।
आज यहां पुलिस अधीक्षक चमोली श्वेता चौबे के निर्देश पर एक टीम पुलिस उपाधीक्षक सुश्री नताशा सिंह के नेतृत्व में गठित की गयी। गठित टीम के द्वारा सीमान्त क्षेत्र उर्गम एवं आसपास के गांव खाबला, सलना, बडगिडा, देवग्राम में लगभग 70 नाली भूमि पर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट किया गया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को भांग से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। भविष्य में अवैध रूप से भांग की खेती करते हुए पाया गया तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को नशामुक्ति अभियान में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करने व जहां कहीं भी भांग की खेती व जंगली भांग उगी हो उसे मिलकर नष्ट करने व क्षेत्र के नवयुवकों को चरस व गांजे के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की गयी।