- मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
- ट्रिपल इंजन सरकार करेगी तेजी से राज्य का विकास
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने निकाय चुनाव प्रचार अभियान का दौरान कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के साथ सीधा संवाद ही जन समस्याओं को समझने का सबसे बेहतर जरिया होता है।
इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय हरबंस कपूर को याद करते हुए कहा कि कैंट विधानसभा की बात बिना उनके नाम के नहीं की जा सकती है। कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित रहने वाले कपूर साहब के कारण कैंट विधानसभा भाजपा का गढ़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक सफलता का कारण उनका जन सरोकारों के साथ हमेशा जुड़ा रहना ही होता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल मेरे मन में आया कि इस चुनाव में रजनी रावत कहीं दिखाई नहीं दे रही है मैंने उन्हें फोन मिलाया और कहा कि क्या बात है दीदी क्या आपको बुलाने के लिए मुझे कुछ विशेष करना होगा क्या? तो उन्होंने कहा कि मेरे भाई का फोन आ गया और क्या करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में हवा है। लोगों को पता है कि अगर राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार होगी तो और भी अधिक तेज गति से विकास होगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने आज विकास नगर के हरबर्टपुर और सहसपुर में चुनाव प्रचार किया जिसमें विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी उनके साथ रहे। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भाजपा राज्य के सभी निकायों के लिए अलग—अलग संकल्प पत्र लाने जा रही है जिसकी शुरुआत मुख्यमंत्री भाजपा मुख्यालय से जल्द करेंगे।
उधर आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने कोटद्वार से भाजपा प्रत्याशी श्ौलेंद्र के समर्थन में प्रचार किया और उन्हें विजय बनाने की अपील मतदाताओं से की। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं। आज उन्होंने रुड़की में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया तथा भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि लोग भाजपा को बदलना चाहते हैं और कांग्रेस को लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन रहेगा। वही सुमित हृदेश ने आज हल्द्वानी में चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि जनता भाजपा को नकार चुकी है।