देहरादून। स्कूल बस की चपेट में आकर ऑटो चालक की मौत हो गयी जबकि दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। बस चालक मौके पर बस छोडकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि प्रेमनगर क्षेत्रांतर्गत डॉक्टर बोहरा वाली सड़क के पास प्रेमनगर से आईएमए की तरफ जा रहे ऑटो को विपरीत दिशा से आ रही एक निजी स्कूल बस के चालक द्वारा तेजी एवं लापरवाही से टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक एवं ऑटो में बैठा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुचां तथा दोनो घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर द्वारा दोनो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के उपरान्त हायर सेंटर के लिये रैफर किया गया। घायलों के परिजनों द्वारा घायल दोनो व्यक्तियों को महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान घायल ऑटो चालक सिद्धार्थ सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी डीएल रोड, देहरादून की मृत्यू हो गई तथा गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति अमन निवासी हिमाचल प्रदेश का उपचार चल रहा है। ऑटो को टक्कर मारने वाली निजी स्कूल बस का चालक मौके पर बस को छोडकर फरार हो गया है, बस को पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



