नैनीताल। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक आटो के कार से टकरा जाने से जहंा एक महिला की मौत हो गयी वही आठ लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतका के शव को कब्जे में लेकर घायलो को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सड़क दुर्घटना का यह मामला लालकुआँ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग का है। यहंा पर बने बेतरतीब कट में आज सुबह हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे एक आटो की आईओसी डिपो के सामने चौराहे पर स्थित कट पर नेक्सॉन कार से जबरदस्त टक्कर हो गई, इसके बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि लाइन नंबर 10 आजाद नगर बनभूलपुरा हल्द्वानी निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो से लालकुआं की ओर जा रहा था। आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट को पार कर रही नेक्सॉन कार से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और मौके पर अफरा—तफरी मच गई।
ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी पत्नी शाहरुख उम्र 28 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख पुत्र रफीक उम्र 35 वर्ष, उनके चार बच्चे अरहान 10 वर्ष, अर्श 8 वर्ष, उजैर 4 वर्ष और मन्नत 4 माह के साथ ही ऑटो चला रहे शोएब का पुत्र रफीक, मुकद्दस उम्र 45 वर्ष और मेहरू बी अंसारी उम्र 14 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल हल्द्वानी के अस्पताल भेजा। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।




