सत्ता में आते ही नौकरियों की ठेका प्रथा बंद होगी : अलका

0
146

  • युवाओं को नौकरी व महिलाओं को न्याय का दावा
  • किसानों के कर्ज माफ करेगी कांग्रेस, सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आई कांग्रेस नेता अलका लाम्बा का कहना है कि कांग्रेस 2024 में सत्ता में आने के 100 दिन के अंदर ही ठेके पर सरकारी नौकरियां देने की प्रथा को बंद कर सेना में युवाओं को स्थाई नौकरियां देगी और किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। महिलाओं को न्याय दिलाया जाएगा।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लम्बा ने आज यह बात कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हम 2024 का चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ रहे हैं। हर वर्ग के लोगों को उनकी भागीदारी के हिसाब से सत्ता में भागीदारी मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने के नाम पर अग्निवीर योजना लाकर जो ठेकेदारी की प्रथा शुरू की है कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने की 100 दिन के अंदर इसे समाप्त करेंगे और सेना में खाली पड़े 60 हजार पदों को स्थाई नौकरियां देकर भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही किसानों का कर्ज माफ करेगी। उन्होंने वर्तमान समय में सरकार पर किसानों का उत्पीड़न करने और उनके आंदोलन को दबाने का आरोप भी लगाया।
अलका लाम्बा का कहना है कि सरकार ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का बिल पास कर दिया लेकिन उन्हें आरक्षण नहीं मिला है। कांग्रेस सत्ता में आते ही महिलाओं को आरक्षण दिलाएगी। उन्होंने अंकिता हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सत्ता में आने पर महिलाओं को कानूनी सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा नारी न्याय की शुरुआत जल्द की जाएगी। अपराधों की शिकार होने वाली महिलाओं को कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस की तरफ से वकीलों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अलका लाम्बा ने कहा कि कांग्रेस देश के पिछड़े व गरीब मजदूर तथा किसानो और महिलाओं को उनका हक दिलाने और सामाजिक तथा आर्थिक न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब भाजपा व केंद्र सरकार का सच अदालती फैसलों से भी सामने आने लगा है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कैसे सत्ता द्वारा ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है इसका सच अब आम आदमी जान चुका है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति गैरोला भी उपस्थित रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here