Home News Posts उत्तराखंड नदी में मिला अमीन का रक्त रंजित शव

नदी में मिला अमीन का रक्त रंजित शव

0
696

  • हत्या की आंशका, जांच शुरू

देहरादून। ऋषिकेश स्थित सूखी नदी में आज सुबह एक व्यक्ति का रक्त रंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कमलेश्वर प्रसाद भटृ निवासी ढालवाला थाना मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई। जो टिहरी जिले की नरेंद्र नगर तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 9 बजे ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कैंप के पीछे ढालवाला क्षेत्र में सूखी नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान कमलेश्वर प्रसाद भटृ निवासी ढालवाला थाना मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई जो टिहरी जिले की नरेंद्र नगर तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि अमीन कमलेश्वर भटृ बीते रोज घनसाली से शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौटे थे। बीती शाम करीब 6.30 बजे कमलेश्वर भटृ घर से पैदल टहलने के लिए निकले और फिर वापस घर नहीं लौटे। आज स्थानीय लोगों ने कमलेश्वर भटृ का शव खून से लथपथ अवस्था में ढालवाला की चंद्रभागा नदी में पड़ा देखा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गयी।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक की टीम को बुलाया और घटना स्थल से कई नमूने लिए। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए ऋषिकेश एम्स भेजा गया। इस वारदात से गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ अपना आक्रोश भी व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने नरेंद्र नगर मार्ग पर थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक जाम भी कर दिया था। ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस ने जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here