Home उत्तराखंड Almora होटल में लगी भीषण आग, मची अफरा—तफरी

होटल में लगी भीषण आग, मची अफरा—तफरी

0
30

अल्मोड़ा। नगर के व्यस्त चौघानपाटा बाजार स्थित पार्क व्यू रेस्टोरेंट में बीते दोपहर एलपीजी गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा—तफरी मच गई। हालांकि समय रहते सभी ग्राहक, कर्मचारी और रेस्टोरेंट संचालक सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। पानी की बाल्टियों और फायर एक्सटिंग्विशरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, जिससे आग का फैलाव कुछ हद तक रोका जा सका। सूचना मिलने पर लगभग आधे घंटे के भीतर फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जांच में आग लगने का कारण एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है। गैस रिसाव के बाद आग तेजी से फैली और रेस्टोरेंट के भीतर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान, विघुत उपकरण सहित अधिकांश सामग्री जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल कर्मियों ने मिनी फायर इंजन से पंपिंग कर होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट के भीतर मौजूद जलते हुए एलपीजी सिलेंडरों को अत्यंत सावधानी और सूझबूझ के साथ ठंडा कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही लकड़ी की छत तक पहुंच चुकी आग को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग आसपास की दुकानों और भवनों तक नहीं फैल सकी। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो चौघानपाटा बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here