देहरादून/मसूरी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल का मसूरी पहुंचने कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए 2027 के चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लिए एकजुटता पर जोर दिया।
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री बनने पर आर्यनदेव उनियाल का मसूरी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हालांकि यहां भाजपा मंडल के मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और और मंडल के अधिकांश पदाधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने इस स्वागत समारोह कार्यक्रम से दूरी बनाई जो शहर में चर्चा का विषय बना है। हालांकि आर्यनदेव का काफिला गांधी चौक होते हुए माल रोड पर पहुंचा जहंा उनको माला पहना व आतिशबाजी कर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के द्वारा स्वागत किया गया। शहीद भगत सिंह चौक पर ढोल व आतिशबाजी से उनका स्वागत हुआ। इस दौरान भाजपा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की गयी।
इसके बाद कुलड़ी स्थित राधाकृष्ण मंदिर सभागार में उनके सम्मान व स्वागत में कार्यक्रम रखा गया । जहां पर मसूरी सहित देहरादून, रूड़की, हरिद्वार आदि से आये कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलदस्ता, माला व शॉल पहनाकर स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों के अलावा उनके साथ युवा मोर्चा के प्रदेश और जिले के भी कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री सहित प्रदेश के बडे नेताओं का आभार जताया । उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो प्रदेश मंत्री का दायित्व देकर भरोसा जताया उस पर वह खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे छोटे शहर के छोटे कार्यकर्ता को इतना बड़ा दायित्व दिया उसके लिए संगठन का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह युवाओं के कारवां ने मसूरी में स्वागत किया उससे वे अभिभूत हैं। वह सभी के सहयोग और समर्थन से कदम मिलाकर चलेंगे और 2027 में भाजपा को पुनः प्रदेश की सत्ता में लाने व संगठन को मजबूत करेंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष महानगर, संकेत नौटियाल, जिला युवामोर्चा अध्यक्ष कुलदीप पंत, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा उत्कर्ष गुप्ता, मनीष सैनी, सत्यम तोमर, मंडल उपाध्यक्ष गुड मोहन राणा, युवा मोर्चा मसूरी के अध्यक्ष रवींद्र रावत, पालिका सभासद अमित भटट, महिला मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल ने किया। इस मौके पर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओपी उनियाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं टिहरी जिला पंचायत के पूर्व सदस्य आशुतोष कोठारी सहित कई लोग मौजूद रहे।




