Home उत्तराखंड देहरादून सत्ता का नया समीकरण


सत्ता का नया समीकरण

0
18

संसद का विशेष सत्र फिर चर्चा में है। सरकार इसे महत्वपूर्ण विधायी कामकाज से जोड़ रही है, लेकिन इसके केंद्र में महिला आरक्षण और परिसीमन का सवाल आते ही राजनीतिक बहस तेज हो गई है। सवाल यह है कि आखिर सरकार को इस मुद्दे पर इतनी जल्दबाजी क्यों है? क्या महिला आरक्षण लागू करने की कोई निश्चित समयसीमा उसके पास है? यदि है तो उसे देश के सामने रखने में देरी क्यों? और यदि नहीं है तो फिर विशेष सत्र के जरिए किस राजनीतिक संदेश को स्थापित करने की कोशिश हो रही है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को सबसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए उन्हें और कितना इंतजार करना होगा? कानून बन चुका है, फिर भी महिलाओं को तत्काल राजनीतिक प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिल पा रहा है? क्या सरकार यह गारंटी दे सकती है कि अगला लोकसभा चुनाव महिलाओं के आरक्षण के प्रावधान के साथ होगा? यदि ऐसा संभव नहीं है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या महिला आरक्षण फिर एक ऐसा चुनावी वादा बनकर रह जाएगा, जिसकी चर्चा हर चुनाव से पहले होगी और क्रियान्वयन की तारीख आगे खिसकती रहेगी? सरकार को यह भी बताना चाहिए कि महिला आरक्षण और परिसीमन को एक-दूसरे से जोड़ना कितना अनिवार्य है? क्या महिला आरक्षण को लागू करने के लिए कोई वैकल्पिक संवैधानिक रास्ता नहीं है? यदि है तो उस पर विचार क्यों नहीं किया जा रहा? और यदि नहीं है तो सरकार देश को संवैधानिक बाध्यताओं का पूरा विवरण क्यों नहीं देती? लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने की संभावनाओं ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या सरकार ने सीटों के इस विस्तार का पूरा खाका तैयार कर लिया है? किस राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी? किस आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण होगा? क्या इसका फार्मूला केवल जनसंख्या होगा या राज्यों के विकास, भौगोलिक परिस्थितियों और जनसंख्या नियंत्रण में उनके प्रदर्शन को भी महत्व मिलेगा? दक्षिण भारत के राज्यों की चिंता को सरकार किस नजरिए से देख रही है? जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर काम किया, क्या उन्हें संसद में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी कमजोर होने की कीमत चुकानी पड़ेगी? क्या प्रधानमंत्री यह भरोसा दे सकते हैं कि किसी भी राज्य के साथ जनसंख्या नियंत्रण में सफलता हासिल करने के कारण राजनीतिक अन्याय नहीं होगा? सरकार को यह भी बताना चाहिए कि परिसीमन के बाद उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन कैसे कायम रहेगा? क्या इस मुद्दे पर दक्षिण भारत के मुख्यमंत्रियों से कोई औपचारिक संवाद हुआ है? क्या राज्यों को प्रस्तावित फार्मूले की जानकारी दी गई है? या फिर पहले फैसला तैयार होगा और बाद में राज्यों को उसे स्वीकार करने के लिए कहा जाएगा? उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए भी यह सवाल बेहद महत्वपूर्ण है। क्या केंद्र सरकार ने पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत गांवों, पलायन और बिखरी हुई आबादी को परिसीमन में विशेष महत्व देने का कोई प्रावधान तैयार किया है? क्या सरकार यह गारंटी देगी कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व केवल घटती आबादी के आंकड़ों के आधार पर कमजोर नहीं होगा? क्या प्रधानमंत्री को यह दिखाई देता है कि पहाड़ में गांव खाली हो रहे हैं, सीमांत क्षेत्रों में आबादी घट रही है और प्रतिनिधित्व का संकट गहराता जा रहा है? यदि परिसीमन में केवल जनसंख्या ही निर्णायक हुई तो क्या इसका सबसे बड़ा खामियाजा पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों को नहीं भुगतना पड़ेगा? आखिर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले क्षेत्रों की राजनीतिक आवाज को केवल जनसंख्या के तराजू पर कैसे तौला जा सकता है? अप्रैल 2026 में संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई समर्थन नहीं मिल पाया था। सरकार विपक्ष पर जिम्मेदारी डाल सकती है, लेकिन क्या उसने सभी दलों की आशंकाओं को दूर करने का गंभीर प्रयास किया? क्या विधेयक लाने से पहले राज्यों और विपक्ष के साथ पर्याप्त चर्चा की गई? क्या इस बार सरकार कोई संशोधित और सर्वमान्य प्रस्ताव लेकर आ रही है? सरकार को यह भी बताना चाहिए कि क्या महिला आरक्षण पर राजनीतिक सहमति बनाने के लिए प्रधानमंत्री स्वयं विपक्ष के नेताओं से बातचीत करेंगे? क्या विशेष सत्र केवल विधेयक पारित कराने की औपचारिकता होगा या देश के संघीय ढांचे पर व्यापक विमर्श का अवसर भी बनेगा? विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह अपनी आपत्तियां स्पष्ट करे और महिला आरक्षण पर अपना रुख सार्वजनिक करे। लेकिन सरकार के पास सत्ता, संसाधन और विधायी पहल की जिम्मेदारी है। इसलिए जवाबदेही से वह बच नहीं सकती। एक और सवाल सरकार से पूछा जाना चाहिए। क्या महिला सशक्तीकरण का अर्थ केवल संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देना है? देश में महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार, आर्थिक स्वतंत्रता और राजनीतिक भागीदारी की वास्तविक स्थिति पर सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार है? क्या राजनीतिक दलों में महिलाओं को टिकट देने और संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने के लिए कोई ठोस व्यवस्था है? क्या सरकार अपने सहयोगी दलों और भाजपा के भीतर भी महिलाओं की भागीदारी का कोई स्पष्ट लक्ष्य तय करेगी? महिलाओं को अधिकार देने की बात करने वाली राजनीति को पहले अपने भीतर झांकना होगा। आखिर संसद में महिलाओं की संख्या बढ़ाने का संकल्प रखने वाले दल अपने संगठन में महिलाओं को बराबरी का स्थान देने में कितने गंभीर हैं? विशेष सत्र में सरकार को कम से कम पांच सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। महिला आरक्षण लागू करने की निश्चित तारीख क्या है? परिसीमन का आधार और फार्मूला क्या होगा? दक्षिण भारत और छोटे राज्यों के राजनीतिक हितों की रक्षा कैसे होगी? क्या विपक्ष और राज्यों से सहमति ली गई है? और क्या महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया से अलग तत्काल लागू करने का विकल्प मौजूद है? महिलाओं को आरक्षण चाहिए, राजनीतिक एहसान नहीं। राज्यों को न्याय चाहिए, जनसंख्या नियंत्रण की सजा नहीं। और लोकतंत्र को पारदर्शिता चाहिए, सत्ता की सुविधा के मुताबिक तैयार किया गया गणित नहीं। प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को समझना होगा कि संविधान किसी एक दल की राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। संसद में बहुमत के आधार पर कानून बनाया जा सकता है, लेकिन देश के संघीय ढांचे में भरोसा केवल संवाद, सहमति और न्याय से ही कायम होगा। विशेष सत्र में सरकार को अपनी उपलब्धियां गिनाने से पहले इन सवालों के जवाब देने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here