Home News Posts उत्तराखंड ‘सड़कें नहीं, मौत के रास्ते’

‘सड़कें नहीं, मौत के रास्ते’

0
10
  • हादसों के बाद जागता है सरकारी तंत्र, फिर सब कुछ पुराने ढर्रे पर
  • हर साल सैकड़ों जिंदगियां खत्म, आखिर किसकी है यह जवाबदेही
  • प्रदेश में सड़कों पर मौतों को रोकने के लिए हकीकत में किया क्या

देहरादून। उत्तराखंड की सड़कों पर अब सफर करना जिंदगी को दांव पर लगाने जैसा होता जा रहा है। पहाड़ की सड़क हो या मैदान का हाईवे, हर तरफ मौत का खतरा मंडरा रहा है। कहीं बस खाई में गिरती है, कहीं कार नदी में समा जाती है और कहीं तेज रफ्तार वाहन परिवारों की खुशियां उजाड़ देते हैं। हर हादसे के बाद चीख-पुकार मचती है, सरकार संवेदना जताती है, मुआवजे का ऐलान होता है और जांच के आदेश जारी कर दिए जाते हैं। लेकिन कुछ दिन बाद सब कुछ पहले जैसा हो जाता है। सड़कें वही, खामियां वही और हादसों का सिलसिला भी वही। आखिर उत्तराखंड की सड़कों पर लोगों की जान की कीमत इतनी सस्ती क्यों हो गई है?
यह सवाल इसलिए भी गंभीर है क्योंकि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वर्ष 2021 में 1405 हादसे हुए थे, जो 2025 में बढ़कर 1846 हो गए। वर्ष 2025 में 1242 लोगों की मौत हुई और 2056 लोग घायल हुए। वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में ही 1480 दुर्घटनाओं में 884 लोगों की जान जा चुकी थी। यह आंकड़े किसी एक जिले या किसी एक सड़क की कहानी नहीं हैं, बल्कि पूरे प्रदेश की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीर हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार और विभागों को पता है कि कौन सी सड़कें दुर्घटना संभावित हैं, कहां तीखे मोड़ हैं, कहां सड़कें संकरी हैं और कहां क्रैश बैरियर की जरूरत है, तो फिर समय रहते सुधार क्यों नहीं होता? प्रदेश में 2559 दुर्घटना संभावित स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 419 स्थानों पर सुधार कार्य अभी बाकी होने की जानकारी सामने आई है। क्या इन स्थानों पर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि हादसे के बाद कार्रवाई का शोर तो खूब सुनाई देता है, लेकिन जवाबदेही शायद ही कभी दिखाई देती है। सड़क खराब थी तो जिम्मेदार कौन? सुरक्षा दीवार नहीं थी तो किसने अनदेखी की? क्रैश बैरियर नहीं लगे थे तो किस विभाग की जिम्मेदारी थी? वाहन में तकनीकी खामी थी तो फिटनेस प्रमाणपत्र किसने दिया? ओवरलोडिंग हो रही थी तो परिवहन और पुलिस की निगरानी कहां थी? इन सवालों के जवाब कभी सार्वजनिक जवाबदेही का हिस्सा नहीं बन पाते। हर बार चालक की गलती, तेज रफ्तार या मानवीय चूक बताकर मामले को समेटने की कोशिश होती है। जबकि सड़क की बनावट, सुरक्षा इंतजाम, वाहन की स्थिति और सरकारी निगरानी भी दुर्घटनाओं की गंभीरता तय करते हैं।
उत्तराखंड में सड़कों का जाल बिछाने और चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के दावे लगातार किए जाते हैं। नए हाईवे बन रहे हैं, सड़कें चौड़ी हो रही हैं और पर्यटन का विस्तार हो रहा है। लेकिन सवाल यह है कि क्या सड़क निर्माण के साथ सुरक्षा को भी उतनी ही प्राथमिकता दी जा रही है? पहाड़ में सड़क चौड़ी करने के नाम पर कटान तो होता है, लेकिन कई जगह सुरक्षा दीवार, पैरापिट और क्रैश बैरियर जैसे इंतजाम पीछे छूट जाते हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी स्थिति अलग नहीं है। तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना, गलत दिशा में ड्राइविंग और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी जारी है। शहरों में जाम और अव्यवस्थित यातायात है तो हाईवे पर रफ्तार का आतंक। यानी पहाड़ और मैदान, दोनों जगह खतरा है।
किसी हादसे में मौत होने के बाद सरकार मुआवजे की घोषणा कर देती है। लेकिन क्या किसी परिवार के कमाने वाले सदस्य की जिंदगी की कीमत कुछ लाख रुपये हो सकती है? क्या अनाथ हुए बच्चों का भविष्य मुआवजे से सुरक्षित हो सकता है? क्या उजड़ चुके परिवार को सरकारी संवेदना फिर से उसकी दुनिया लौटा सकती है? मुआवजा जरूरी है, लेकिन उससे भी जरूरी है हादसों को रोकना। सरकार की सफलता इस बात से नहीं मापी जानी चाहिए कि उसने दुर्घटना के बाद कितनी सहायता दी, बल्कि इससे कि उसने दुर्घटना से पहले कितनी जिंदगियां बचाईं।
उत्तराखंड में सड़क हादसे अब सामान्य समाचार बनते जा रहे हैं। हर कुछ दिनों में किसी परिवार के उजड़ने की खबर आती है और फिर अगली खबर आने तक व्यवस्था खामोश हो जाती है। यह खामोशी सबसे खतरनाक है। सरकार को बताना चाहिए कि चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुधार का काम कब पूरा होगा? खराब सड़कों और अधूरे सुरक्षा इंतजामों के लिए अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी? दुर्घटनाओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं होती? पहाड़ी मार्गों पर आपातकालीन चिकित्सा और दुर्घटना के बाद त्वरित बचाव की व्यवस्था कितनी मजबूत है? अब केवल सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाने, जागरूकता अभियान चलाने और हादसे के बाद मुआवजे की घोषणा करने से काम नहीं चलेगा। जरूरत है कठोर कार्रवाई, समयबद्ध सुधार और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की।
आखिर सड़कें जनता की सुविधा के लिए बनाई गई हैं या जनता की जान लेने के लिए? उत्तराखंड को विकास के चमकते आंकड़े नहीं, ऐसी सड़कें चाहिए जिन पर चलकर लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें। हर हादसे के बाद शोक जताने वाली सरकार को अब यह जवाब देना ही होगा कि इन मौतों को रोकने के लिए उसने वास्तव में किया क्या है?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here