Home News Posts उत्तराखंड आधी आबादी पर भाजपा का ‘दांव’

आधी आबादी पर भाजपा का ‘दांव’

0
14
  • उत्तराखंड में 70 सीटों पर महिला विस्तारक उतारने की तैयारी
  • महिला मतदाताओं को साधने के लिए बूथ से घर तक पहुंचेगी
  • बैठकों और स्वयं सहायता समूहों के जरिये मजबूत करेगी संपर्क

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है। सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी और 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश में जुटी भाजपा ने अब अपनी चुनावी रणनीति में आधी आबादी को खास जगह दी है। पार्टी समझ रही है कि उत्तराखंड की सियासत में महिला मतदाता केवल एक बड़ा वोट बैंक नहीं, बल्कि चुनावी नतीजों को प्रभावित करने वाली निर्णायक ताकत हैं। यही वजह है कि भाजपा ने महिलाओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर नई कवायद शुरू कर दी है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक नियुक्त करने का फैसला इसी रणनीति का अहम हिस्सा है।
भाजपा की इस पहल का मकसद केवल महिला मतदाताओं तक चुनावी संदेश पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके साथ लगातार संवाद स्थापित करना और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को संगठन से जोड़ना भी है। पार्टी पहले ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक विस्तारक तैनात कर चुकी है। अब महिला विस्तारकों के जरिये इस नेटवर्क को घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी है। यह महिला कार्यकर्ता संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में रहकर महिलाओं के बीच पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएंगी। पार्टी के लिए यह प्रयोग इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भूमिका काफी प्रभावशाली रही है।
महिला विस्तारकों की तैनाती के साथ भाजपा ने बूथ स्तर पर भी महिलाओं से संपर्क बढ़ाने की योजना बनाई है। महिला मोर्चा को प्रदेश के सभी 12,543 बूथों पर ड्राइंग रूम मीटिंग आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है। छोटी-छोटी बैठकों के जरिये महिलाओं से सीधे संवाद किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों, महिला संगठनों और विधानसभा स्तरीय सम्मेलनों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि महिलाओं के बीच केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे साल संगठन की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे।
भाजपा की चुनावी रणनीति में महिला कल्याण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के मुद्दे प्रमुखता से शामिल हैं। लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों को ब्याजमुक्त ऋण, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे विषयों को पार्टी अपनी उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत कर रही है। नारी शक्ति सम्मान सम्मेलनों के जरिये भी सरकार महिलाओं के बीच अपनी योजनाओं का लेखा-जोखा रख रही है। पार्टी का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को केवल लाभार्थी तक सीमित न रखकर उन्हें अपने राजनीतिक और सामाजिक संपर्क अभियान का हिस्सा बनाया जाए।
इस रणनीति के पीछे महिला मतदाताओं की बढ़ती चुनावी भागीदारी भी एक बड़ा कारण है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा था। महिलाओं ने 67.16 प्रतिशत मतदान किया, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 61.27 रहा। यानी महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से करीब छह प्रतिशत अधिक थी। प्रदेश में लगभग 35 लाख महिला मतदाताओं की मौजूदगी चुनावी समीकरण में उनकी अहमियत को स्पष्ट करती है। खासकर पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं का रुख कई सीटों पर हार-जीत का अंतर तय कर सकता है।
हालांकि भाजपा के लिए आधी आबादी को साधने की राह इतनी आसान नहीं है। महिला सशक्तीकरण और सरकारी योजनाओं के प्रचार के बीच महिला सुरक्षा का सवाल भी पार्टी के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा है। कांग्रेस महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में भाजपा के सामने केवल योजनाओं की उपलब्धियां गिनाने की चुनौती नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच उठ रहे सवालों का जवाब देने की भी जिम्मेदारी है।
राजनीतिक दृष्टि से देखें तो भाजपा का महिला विस्तारक प्रयोग महज संगठनात्मक नियुक्ति नहीं, बल्कि चुनाव से पहले महिला मतदाताओं के बीच मजबूत आधार तैयार करने की कोशिश है। पार्टी जानती है कि पिछले दो विधानसभा चुनावों में महिलाओं का समर्थन उसके लिए महत्वपूर्ण रहा है। अब उसी समर्थन को बरकरार रखने के लिए वह बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक महिला नेटवर्क खड़ा करना चाहती है। सवाल यह है कि क्या योजनाओं, सम्मेलनों और महिला कार्यकर्ताओं के नेटवर्क के सहारे भाजपा आधी आबादी का भरोसा फिर हासिल कर पाएगी? या फिर महिला सुरक्षा, रोजगार और महंगाई जैसे सवाल चुनावी रणनीति पर भारी पड़ेंगे? 2027 का चुनाव इन सवालों का जवाब देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here