Home News Posts उत्तराखंड भैया दूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद हुए यमुनोत्री धाम के...

भैया दूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, बहन को लेने पहुंचे शनिदेव

0
14
  • कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना
  • अगले छह माह तक शीतकालीन प्रवास स्थल पर होंगे दर्शन

उत्तरकाशी। भैया दूज के पावन पर्व पर बुधवार, 11 नवंबर 2026 को विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद हुए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना हो गई। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली स्थित यमुना मंदिर में मां के दर्शन कर सकेंगे। यहीं मां यमुना की नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
भैया दूज के अवसर पर सुबह से ही यमुनोत्री धाम में धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया था। तीर्थ पुरोहितों ने मां यमुना का विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए और यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।कपाट बंद होने के समारोह में इस बार शनिदेव महाराज की डोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। परंपरा के अनुसार शनिदेव महाराज की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और अपनी बहन मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। तीर्थ पुरोहितों ने दोनों देव विग्रहों का विधि-विधान से पूजन कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। मां यमुना की उत्सव मूर्ति को फूलों से सजी डोली में विराजमान कर खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। डोली यात्रा में बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां यमुना को शीतकालीन प्रवास के लिए विदाई दी।यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि धाम के कपाट परंपरागत रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए हैं। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल पर दर्शन कर सकेंगे।उन्होंने राज्य सरकार से शीतकाल के दौरान भी खरसाली गांव तक यात्री सुविधाएं सुचारू रखने की मांग की। कहा कि इससे शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलेगा और यात्रा से जुड़े स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, तीर्थ पुरोहितों तथा अन्य लोगों के स्वरोजगार को भी निरंतरता मिलेगी।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि शनि महाराज की डोली खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंचती है। खरसाली को मां यमुना का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार शनिदेव महाराज अपनी बहन मां यमुना को लेने और उन्हें शीतकालीन प्रवास के लिए विदा कराने यमुनोत्री धाम पहुंचते हैं। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शनिदेव महाराज की डोली के साथ विधि-विधानपूर्वक खरसाली गांव लौटती है। अगले छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना खरसाली में ही संपन्न होती है।
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने समापन की ओर बढ़ गई है। मंगलवार, 10 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए थे। बुधवार, 11 नवंबर को केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद कर दिए गए। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here