उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मजालता इलाके में बुधवार देर रात शुरू हुए घेराबंदी एवं तलाशी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इलाके में अभियान जारी है और सुरक्षाबल अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों को मजालता के सुदूर ब्रातेल सोआन और खुब्बन इलाकों में दो-तीन संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद बुधवार रात करीब नौ बजे सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान जंगल में गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाकर कार्रवाई की। रातभर इलाके में स्थिति काफी हद तक शांत रही। हालांकि, बृहस्पतिवार सुबह आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश में सुरक्षाबलों पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी।
सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबल भेजे गए हैं और तलाशी अभियान जारी है। मारे गए आतंकियों की पहचान तथा उनके नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।




