नई दिल्ली। अरब सागर में एक बहुत बड़ी घटना सामने आई है। पाकिस्तानी नौसेना के एक तेज रफ्तारस जहाज ने भारतीय नेवी के युद्धपोत को टक्कर मार दी है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच टेंशन बढ़ गई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने सख्त रूख अपनाते हुए पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को तलब कर लिया है। घटना 15 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई है।
भारत ने बुधवार को नई दिल्ली में पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत साद वारैच को विदेश मंत्रालय में तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के व्यवहार को अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे घटनाक्रम दोबारा न हों, इसके लिए दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का पालन जरूरी है।
पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किए जाने पर विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हुई और इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का व्यवहार अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की पहले से सूचना देने को लेकर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन है।
बयान में कहा गया, “पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह बात पहुंचाने की सलाह दी गई कि सभी सैन्य इकाइयों को उचित सावधानी बरतने और दोनों देशों के बीच संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।




