- कंगना ने बाबा रामदेव को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनकी भेजी मिठाई और प्रेम को स्वीकार किया
हरिद्वार। बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत और योग गुरु बाबा रामदेव के बीच पिछले दिनों शुरू हुआ विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर बाबा रामदेव ने कंगना के लिए मिठाई और तोहफा भेजा और उन्हें बहन बताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
बाबा रामदेव ने कहा, बहन कंगना रनौत को गिफ्ट और मिठाई हम बाई पोस्ट भेज रहे हैं। किसी भी वजह से देश में नफरत नहीं होनी चाहिए और न ही एक दूसरे के प्रति बैर की भावना होनी चाहिए। इसलिए हमने बैर का परित्याग कर दिया है। पिछले दिनों एक विवाद उठा था कि स्वामी रामदेव और कंगना के बीच कहीं विवाद तो नहीं हो गया है। इस विवाद को संवाद से खत्म करें और आज हम बहन कंगना को फोन भी करेंगे और उनको बोलेंगे कि बहन कंगना रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।
बाबा रामदेव और कंगना रनौत के बीच पिछले दिनों एक मुद्दे को लेकर तीखी बयानबाजी हुई थी। कंगना ने युवाओं को लेकर श्जनरेशन गटरश् टिप्पणी की थी, जिस पर रामदेव ने आपत्ति जताई और उनके बयान पर सवाल उठाए। इसके बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर रामदेव को जवाब देते हुए उनकी टिप्पणियों को मर्यादा के खिलाफ बताया था।
कंगना ने बाबा रामदेव को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनकी भेजी मिठाई और प्रेम को स्वीकार किया। उन्होंने इंस्टा पर लिखा, त्योहार का दिन होता ही सब भूल—चूक माफ करने के लिए है। मेरे भाई बाबा रामदेव जी ने बहुत अच्छा कहा कि विवाद नहीं संवाद होना चाहिए। आज रक्षाबंधन के दिन मैं उनकी मिठाई और बड़े भाई का प्रेम, दोनों स्वीकार करती हूं। बहुत धन्यवाद, ईश्वर आपको लंबी आयु दे।




