Home News Posts उत्तराखंड दुस्साहसः पुलिस बनकर घुसे बदमाश, तमंचों के बल पर लाखों लूटे

दुस्साहसः पुलिस बनकर घुसे बदमाश, तमंचों के बल पर लाखों लूटे

0
27

नैनीताल। पुलिस महकमें को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने बीती रात शहर में तमंचों के बल पर लाखों रूपये की लूट की घटना को अंजाम दे डाला। गोरापड़ाव क्षेत्र में देर रात कार से पहुंचे करीब 10 से 12 बदमाशों ने खुद को एसओजी टीम बताकर कमर्शियल ऑफिस में धावा बोल दिया। तमंचों के बल पर लोगों को आतंकित कर बदमाश करीब आठ लाख रुपये की नकदी, दो सोने की चेन, अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन लूटकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बीती देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित ऑफिस में लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक कार आकर रुकी और उसमें से हथियारों से लैस बदमाश बाहर निकले। बदमाशों ने ऑफिस में घुसते ही लोगों पर तमंचे तान दिए और खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताया। हथियारों के साये में मौजूद लोग सहम गए और बदमाशों का विरोध नहीं कर सके। बदमाशों ने ऑफिस में रखी करीब आठ लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद वहां मौजूद लोगों से सोने की दो चेन और अंगूठियां उतरवा लीं। बदमाश करीब 12 मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। मोबाइल लूटने का मकसद लोगों को तत्काल पुलिस को सूचना देने से रोकना माना जा रहा है। वारदात के बाद सभी बदमाश कार से बरेली रोड की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कार की पहचान के साथ बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस संभावित सुराग तलाश रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here