Home News Posts उत्तराखंड ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन पर उत्तराखण्ड सरकार का बड़ा यू—टर्न

ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन पर उत्तराखण्ड सरकार का बड़ा यू—टर्न

0
37
  • विरोध के बीच सीएम धामी ने पेड़ कटान पर लगाई रोक
  • जनभावनाओं से ऊपर नहीं विकासः धामी

देहरादून। देहरादून—ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना के लिए प्रस्तावित हजारों पेड़ों की कटाई को लेकर पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन, पर्यावरणविदों की आपत्तियों और स्थानीय लोगों के दबाव के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा करते हुए कहा कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के तहत पेड़ों का कटान स्थगित रहेगा।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब बीती रात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी देहरादून पहुंचे थे। एयरपोर्ट जाते समय उन्होंने प्रदर्शन कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की थी तथा संसद में यह मुद्दा उठाने का भरोसा दिया था। इसके बाद आज मुख्यमंत्री धामी के इस फैसले को राजनीतिक और पर्यावरणीय दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने बयान में कहा कि देहरादून—ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों द्वारा व्यक्त चिंताओं का उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देशों तथा सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण के लिए करीब 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास तथा छोटे वन्यजीवों के आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट बनाए जाने का भी प्रावधान है, जिससे मानवख्रवन्यजीव संघर्ष और सड़क हादसों में वन्यजीवों की मौत कम करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास राज्य के लिए आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here