April 2, 2026श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश हरिद्वार। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुम्भ मेला—2027 की तैयारियों का स्थालीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।आज यहां कुम्भ मेला—2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। कुंभ क्षेत्र के कार्यों के विस्तृत निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाट एवं बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि कुम्भ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए घाटों पर रैम्प एवं अन्य सुगम्यता संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, साथ ही चेंजिंग रूम एवं प्रसाधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना के निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाईपास निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण किया जाए तथा सप्ताहवार लक्ष्य निर्धारित कर टाइमलाइन के अनुसार प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कुम्भ मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रह जाए। मुख्य सचिव ने मेला नियंत्रण भवन में संचालित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इस व्यवस्था में नवीनतम आईटी अनुप्रयोगों एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
April 2, 2026बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस हुई आक्रामक देहरादून। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस पार्टी सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने राज्य की वर्तमान कानून व्यवस्था पर निशाना साधा।हरक सिंह रावत ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर हमला किया। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार के सारे प्रहार फेल हो चुके हैं. केवल जिले का कप्तान बदलने से कानून व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती है। मुख्यमंत्री अपनी रेलियों में व्यस्त है, उन्हें प्रदेशवासियों से कोई मतलब नहीं रह गया है।उन्होंने कहा कि पिछले 5 से 6 माह से देहरादून में अपराधिक घटनाएं घट रही है और दिन दहाड़े हत्याएं की जा रही है, लेकिन कप्तान बदलने और हर घटना पर मुख्यमंत्री के बयानों से कोई फर्क नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त नहीं हुईई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का माहौल पहली बार इतना खराब हो गया है। यहां ऐसा पहली बार हुआ है कि मार्निंग वाक कर रहे सेवानिवृत्ति ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो जाती है और अपराधी वारदात को अंजाम देकर राज्य से निकल जाते हैं।
April 2, 2026नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में एक चौंकाने वाला बदलाव किया है। पार्टी ने युवा चेहरा माने जाने वाले राघव चड्ढा को राज्यसभा के डिप्टी लीडर (उप-नेता) के पद से हटा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को ये भी सूचित किया है कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। लेकिन पार्टी इसे केवल प्रशासनिक फेरबदल करार दे रही है। चड्ढा की जगह अब पंजाब के दिग्गज नेता और शिक्षाविद् डॉ. अशोक मित्तल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।सचिवालय को भेजी गई आधिकारिक सूचना पार्टी के भीतर हुए इस बड़े फेरबदल की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। आम आदमी पार्टी ने इस बदलाव के संबंध में राज्यसभा सचिवालय को एक आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित कर दिया है। इस पत्र के बाद अब यह तय हो गया है कि संसद के आगामी सत्रों में डॉ. अशोक मित्तल ही राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता के तौर पर मोर्चा संभालेंगे।राघव चड्ढा भले ही अब इस पद पर न हों, लेकिन पिछले कुछ महीनों में राज्यसभा के भीतर उन्होंने आम जनता से जुड़े कई ऐसे तकनीकी और बुनियादी मुद्दे उठाए, जिन्होंने सोशल मीडिया और संसद के गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरीं। इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा मोबाइल डेटा और उपभोक्ता अधिकार से संबंधित था।
April 2, 2026देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चला संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन की सुरक्षा हेतु सभी अधीनस्थों को अपने—अपने क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने हेतु निर्देशित किया गया है। दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा रात्रि एवं दिन में लगातार सघन चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाते हुए संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी क्रम में आज प्रातः से ही सभी थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों/ पार्कों के पास गौरा पुलिस टीम तथा यातायात पुलिस की टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रातः मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों तथा बच्चो को स्कूल लेकर जा रहे अभिभावकों से पुलिस टीमों द्वारा बातचीत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता हेतु उपलब्ध है। इस दौरान अनावश्यक एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में चेकिंग अभियान लगातार जारी है।
April 2, 2026हरिद्वार। महिला के कान के कुंडल लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से लूटे गये कुंडल व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है।जानकारी के अनुसार बीती 27 मार्च को पीड़िता निवासी रोशनाबाद द्वारा सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया गया था कि अज्ञात बाइक सवार द्वारा झपटृा मारकर उसके सोने के कुंडल छीन लिये गये है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरे की तलाश शुरू कर दी गयी। लुटेरे की तलाश में जुटी पुलिस द्वारा एक सूचना के बाद क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला दिया गया। इस दौरान पुलिस ने जब एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इस पर उसे घेर कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटे गये कुंडल बरामद किये गये। पूछताछ में उसने अपना नाम नसीम मलिक पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार बताया। बताया कि उसकी दो—दो शादियां हो रखी है जिससे आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जिस कारण अपराध किया गया है।
April 2, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर रावल ने भगवान केदारनाथ जी की कृपा एवं प्रदेश की सुख—समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने रावल का स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की और कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। भेंट के दौरान केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रावल से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की प्रगति एवं जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।