- 16 राजकीय प्राथमिक विघालयों के लिए भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्रामीण शिक्षा को मजबूती प्रदान करते हुए 16 राजकीय प्राथमिक विघालयों के लिए भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति दे दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विघालयी शिक्षा विभाग द्वारा जनपद चम्पावत की तहसील लोहाघाट के अंतर्गत राज्य सरकार की भूमि पर संचालित 16 राजकीय प्राथमिक विघालयों के लिए भूमि अभिलेखों में हस्तांतरण की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह हस्तांतरण लोक प्रयोजन के अंतर्गत विघालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन के नाम किया गया है। शासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं प्रावधानों के अनुरूप यह निर्णय लिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विघालयों की आधारभूत संरचना को स्थायित्व मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यह निर्णय जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तुत विस्तृत आख्या के आधार पर लिया गया है। यह पहल दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने और विघार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वीकृति प्राप्त विघालयों में राजकीय प्राथमिक विघालय निडिल, बडोली, असलाड़, कोटसारी, रौशाल, डैसली, नगरुघाट, दसलेख, ठांटा, पीपलखान, बटोली, नरसों, राइकोट कुंवर, खड़नौला, मटियाल तथा कुण्डीमारा शामिल हैं। इन विघालयों के लिए कुल लगभग 0.597 हेक्टेयर भूमि का हस्तांतरण स्वीकृत किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस निर्णय से विघालयों के लिए भूमि अभिलेखों में स्पष्टता एवं स्थायित्व सुनिश्चित होगा, जिससे भविष्य में विघालयों के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है।




