देहरादून। डिजीटल अरेस्ट कर 68 लाख रूपये की धोखाधडी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एसटीएफ ने एक को राजस्थान से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत सिंह (भापुसे) द्वारा जानकारी देते हुये बताया कि 85 वर्ष के वरिष्ठ नागरिक को अज्ञात साइबर ठगों (कथित पुलिस ऑफिसर इंचार्ज संदीप राव एवं इनवेस्टीगेशन ऑफिसर के. शिवा सुब्रमानी) द्वारा शिकायतकर्ता से व्हटसएप कॉल के माध्यम से सम्पर्क कर स्वयं को सीबीआई ऑफिसर बताकर शिकायतकर्ता के आधार कार्ड का दुरुपयोग मनी लॉउण्ड्रींग के केस में होना बताकर शिकायतकर्ता को डिजिटल अरेस्ट कर करीब 68 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने विषयक तहरीर पर साइबर पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंम्भीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड के दिशा निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक कुश मिश्रा आईपीएस के निकट पर्यवेक्षण में अभियोग की विवेचना निरीक्षक / जांच अधिकारी अनिल कुमार, साईबर क्राईम पुलिस स्टेशन, गढ़वाल परिक्षेत्र, देहरादून के सुपुर्द कर मामले के शीघ्र खुलासे हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जांच के दौरान शिकायतकर्ता से धोखाधड़ी से ट्रांस्फर करायी गयी धनराशि के लाभार्थी खाता धारकों की तकनीकी विश्लेषण में खाता धारक भभूताराम पुत्र किशनाराम निवासी चौहटन आगोर पुलिस थाना चौहटन जिला बाड़मेर राजस्थान प्रकाश में आया, उक्त की तलाश हेतु निरीक्षक पुलिस टीम के चौहटन बाड़मेर राजस्थान पहुँचे, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से लाभार्थी खाताधारक उपरोक्त को गिरफ्तार किया गया।




