Home News Posts उत्तराखंड पूर्व कर्मचारी ने फैक्ट्री से चुराई 15 लाख की मशीनें, गिरफ्तार

पूर्व कर्मचारी ने फैक्ट्री से चुराई 15 लाख की मशीनें, गिरफ्तार

0
184

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्री से हुई नकबजनी की बड़ी घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर को गिरफ्तार किया है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहर का शातिर नहीं, बल्कि फैक्ट्री का पूर्व कर्मचारी निकला। आरोपी ने करीब 15 लाख रुपये कीमत की मशीनरी चोरी कर नए साल का जश्न मनाया, लेकिन पुलिस ने उसकी खुशी ज्यादा दिन टिकने नहीं दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बीते सात जनवरी 2026 को शिव विहार कॉलोनी बहादराबाद निवासी राहुल चौहान ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित उनके फार्म का ताला तोड़कर अज्ञात चोर कीमती मशीनें चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आया कि चोरी की साजिश फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी नीरज ने रची थी। आरोपी को फैक्ट्री के लेआउट, मशीनों और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मजदूरों को काम पर लगाया और मशीनें ट्रैक्टर—ट्रॉली में लदवाकर फैक्ट्री से बाहर निकलवा लीं। चोरी के बाद आरोपी नए साल का जश्न मनाने में जुट गया। जिस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक सूचना के बाद आईटीसी पुल के पास से आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से चोरी की गई मशीनरी और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर—ट्रॉली बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र दिनेश सिंह निवासी ग्राम हल्दुआमाफी, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद मशीनरी की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here