- ट्रक चालक की हालत गम्भीर, कई अन्य घायल
देहरादून। सड़क हादसे में आज सुबह एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के कई वाहनों को टक्कर मारकर खुद पलट जाने से अफरा तफरी फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल वाहनो में सवार घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया और ट्रक को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला का है। जानकारी के अनुसार आज सुबह यहंा खड़ी गाड़ियों में आशारोड़ी से आ रहे ट्रक ने एक के बाद पांच गाड़ियों में टक्कर मार दी और ट्रक टक्कर मारकर दुकानों में घुस गया। टक्कर लगने से आसपास अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही आशारोड़ी से आ रहे सीमेंट से भरे ट्रक की डीजल टंकी फटने से डीजल लीक होने लगा, जिसके लिए फायर स्टेशन को भी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आज सुबह मोहब्बेवाला चौक आईएसबीटी कोतवाली पटेल नगर पर एक्सीडेंट की सूचना पर कोतवाली पटेल नगर पुलिस और सीपीयू मौके पर पहुंची। मौके मौजूद लोगों ने बताया कि एक ट्रक मोहब्बेवाला के पास बैक हो रहा था, जिस कारण मोहब्बेवाला चौक पर अन्य छोटी गाड़ियां रुकी थी। उसी दौरान आशारोड़ी की तरफ से एक सीमेंट से भरा हुआ ट्रक आया और जाम में खड़ी 3 कार, ट्रक और एक ऑटो को टक्कर मार कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और ट्रक मौके पर ही सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुस गया और पलट गया। जिसके बाद आसपास लोग इकट्ठे हो गए और जिन कारों में सवारियां थी,उनको बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा मौके पर क्षतिग्रस्त छोटे वाहनों को सड़क से हटा दिया गया है और ट्रक हटाने के लिए हाइड्रा क्रेन की व्यवस्था की गई। यातायात सामान्य करवा दिया गया है। साथ ही सीमेंट से भरे ट्रक की डीजल टंकी फटने से डीजल लीक हो गया, जिसके लिए फायर स्टेशन को भी सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि सीमेंट से भरे ट्रक चालक की हालत गंभीर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही अन्य वाहनों की सवारियों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।




