टिहरी। मुनि की रेती पुलिस व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने बद्रीनाथ हाईवे से अतिक्रमण हटाया।
आज यहां मुनि की रेती पुलिस एवं नगर पंचायत मुनि की रेती की संयुक्त टीम द्वारा बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत राजमार्ग के किनारे अनधिकृत रूप से लगाए गए चाइनीज फूड की दुकानें एवं ठेले हटाए गए। हाईवे पर इन दुकानों के कारण आए दिन यातायात अवरुद्ध होने की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती थी। पुलिस एवं नगर पंचायत टीम द्वारा मौके पर सभी दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई कि भविष्य में राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कर दुकानें अथवा ठेले लगाए जाने पर चालान कर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस दौरान पुलिस एवं नगर पंचायत की टीम ने आम जनता से भी अपील की कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा हेतु सहयोग प्रदान करें तथा सड़क किनारे अतिक्रमण से बचें। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि बद्रीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू एवं सुरक्षित बना रहे।




