काठमांडू। नेपाल में इस समय भारी उथल-पुथल मची है। नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आवास को आग के हवाले कर दिया है। है। जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को घर को भी नहीं बख्शा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें राष्ट्रपति के निजी आवास से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं। विरोध-प्रदर्शनों में 19 लोगों की मौत के बाद सोशल मीडिया पर लगी रोक हटा दी गई है। नेपाल के मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने मंगलवार को कहा है कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली इस्तीफा नहीं देंगे। उनका ये बयान उस वक्त आया है जब नेपाल सरकार के 10 से ज्यादा मंत्रियों ने हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए इस्तीफा दे दिया
प्रदर्शनकारियों ने लालितपुर में सीपीएन माओवादी केंद्र के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के निवास पर हमला कर उनके घर को आग के हवाले कर दिया। सत्तारूढ़ दल के नेता और नेपाली कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शेर बहादुर देउवा के घर पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया है। प्रदर्शनकारियों ने देउवा निवास में आगजनी की और वहां खड़ी आधे दर्जन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री रमेश लेखक के घर में आगजनी की है। मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है बावजूद इसके प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने मंत्री के आवास को निशाना बनाया है।
पीएम ओली ने सेना प्रमुख से स्थिति पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाने को कहा। इसके साथ ही देश से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए सेना से मदद मांगी। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, इस पर सेना प्रमुख ने ओली से पद से इस्तीफा देने को कहा है। सेना का कहना है कि पीएम के बिना सत्ता छोड़े स्थिति पर नियंत्रण पाना मुश्किल है। अगर ओली सत्ता छोड़ देते हैं तो सेना स्थिति पर काबू पाने को तैयार है।




