August 14, 2026देहरादून। पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर बद्रीपुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान की स्कॉर्पियो भारी बारिश के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और सड़क किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी। हादसे में मधु चौहान के बाएं कंधे में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके ड्राइवर सहित वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी हल्की चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार, मधु चौहान आज दोपहर करीब 12.15 बजे देहरादून से विकासनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी स्कॉर्पियो से रवाना हुई थीं। उनके साथ वाहन में ड्राइवर सहित एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। बद्रीपुर फोरलेन क्षेत्र पार करने के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे कच्चे नाले में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। मधु चौहान को तत्काल धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनके बाएं कंधे में गंभीर चोट आई है, जबकि ड्राइवर और दूसरे सवार को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित उनके समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और मधु चौहान का हालचाल जाना। अस्पताल में शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
August 14, 2026चमोली। पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल (पौड़ी) सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार पर तोताघाटी के समीप अचानक पहाड़ी से एक भारी—भरकम बोल्डर आ गिरा। इस दुर्घटना में सांसद अनिल बलूनी समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल—बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और पीड़ितों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ऋषिकेश—बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी पर आ गिरा। बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गाड़ी में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ईश्वर की कृपा से सांसद और उनका अमला पूरी तरह सुरक्षित है। घटना के तुरंत बाद वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई। वाहन की स्थिति सामान्य होने के बाद वे श्रीनगर से होते हुए पीपलकोटी टनल दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र के लिए आगे रवाना हो गए।
August 14, 2026देहरादून। कनाडा के धन्नु गैंग के नाम पर दो करोड की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश माथुर पुत्र सूरज सिहं निवासी नागमन्दिर रोड पक्की ढांग हाथीपांव रोड मसूरी ने मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके मोबाइल पर कनाडा से कोई संदिग्ध व्यक्ति द्वारा मोबाईल से लगभग 7ः26 बजे सांय को फोन आया, उसने फोन उठाया तो सामने से आवाज आयी कि वह धन्नू गेंग से बोल रहा है उसके बाद उसने डर कर फोन काट दिया। उसके कुछ समय बाद पुनः एक मैसेज रिकार्ड कर वहटस्प पर सेन्ट किया, जिसमे उक्त रिकार्डिंग मे गन्दी गन्दी माँ बहन की गालिया देने के साथ साथ जान से मारने की धमकी देते हुए बोला कि कल सांय साढे सात बजे तक 5 करोड रूपये इक्टठे कर ले, वरना तुझे जान से मार देगे, फिर उसके पास 9 अगस्त 2026 को लगभग ढाई बजे दोपहर को इसी नम्बर से पुनः फोन आया मगर उसमे आवाज दूसरे आदमी की थी, फिर उसने कहा कि उसको आवाज आ रही है, उसने कहा हाँ जी, तू एक काम कर हमने पैसे कम कर दिये है तू 2 करोड रूपये इक्टठे कर अगर चालाकी करेगा तो मरेगा, और उसके फोन का इंतजार कर, कल फोन करूंगा तू फोन उठा लेना। फिर उसने अपने रिश्तेदारो को फोन किया, कि किसी ने उसके साथ मजाक तो नही किया। उसने अपने दोस्तो को भी फोन किया कि उनके द्वारा उसके साथ कोई मजाक तो नहीं किया। किन्तु उसके रिश्तेदारो एवं दोस्तो द्वारा उससे किसी प्रकार का मजाक करने के लिए कोई फोन नही किया था। उसको उक्त नम्बर से जान से मारने की धमकी देने, तथा रकम की मांग करने तथा मां बहन की गन्दी गन्दी गालियां देने के कारण उसका पूरा परिवार सहमा हुआ है कि उक्त गेंग के लोग उसके साथ कभी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते है. जिससे उसको जान माल का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
August 14, 2026देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के कारण जलभराव, सड़क बाधित होने और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें। नदी—नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
August 14, 2026अमृतसर। सुखबीर बादल पर हमले के एक दिन बाद अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना का पता उस समय चला, जब घर के बाहर खड़ी कार पर गोली लगने का निशान मिला और मौके से एक गोली का खोल भी बरामद किया गया।सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने की आवाज रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। लेकिन फायरिंग करने वाले लोगों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने ही सुखबीर बादल को बेअदबी मामले में धार्मिक सजा सुनाई थी। सुखबीर बादल पर कल (13 अगस्त को) महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा माता साहिब में निहंग ने कृपाण से हमला किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फायरिंग करने वालों की पहचान के लिए पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
August 14, 2026प्रत्येक श्रमिक की जान बेहद कीमती, सुरक्षित रेस्क्यू सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताः मुख्यमंत्री चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लेने के उपरांत जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनसे बातचीत की।मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के बारे में जानकारी ली तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में चिकित्सकों से भी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रत्येक व्यक्ति की जान हमारे लिए बहुत कीमती है। इसके लिए हमारे पास जितने भी साधन उपलब्ध हैं, उन सभी का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना में प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी उन्होंने स्वयं वार्ता की है। साथ ही टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।