- चोरी के इरादे से नौकरानियों ने खाने में मिलाया था जहर
हरिद्वार। चोरी के इरादे से ज्वैलर्स के परिवार को खाने में जहर देने के मामले में पुलिस ने नौकरानियों का प्लेसमेंट करने वाली एजेंसी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी संचालक ही इस षडयंत्र का मास्टर माइंड है। पुलिस अब आरोपित दोनों नौकरानियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बीती 8 अगस्त को हरिलोक कालोनी ज्वालापुर निवासी गौरव कुमार ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर बताया गया था कि आरके एन्कलेव निकट आर्यनगर चौक स्थित उनके ससुर व उनके अन्य तीन परिजनों को मकान पर घरेलू काम के लिए रखी गयी नेपाली मूल की 2 नौकरानियों अनिशा राय व पुष्षा ने चोरी करने के इरादे से उनके खाने में जहर मिलाकर उनकी हत्या की कोशिश की गयी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। पुलिस जांच में सामने आया कि नेपाली मूल की उक्त दोनाें नौकरानियों को दिल्ली में सूरज प्लेसमेंट नाम से एजेंसी चला रहे हीरा लामा व उसकी पत्नी द्वारा इस षडयन्त्र के तहत काम के लिए भेजा था। जिससे मौका मिलते ही वहां से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया जा सके। दोनों महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से परिवार के लोगों को नशीला खाना देकर बेहोशी की नींद सुला भी दिया था, लेकिन मकान मालिक की बेटी के घर पर आ जाने के कारण दोनों नौकरानियों को बिना चोरी किए ही वहां से फरार होना पड़ा। मामले में पुलिस ने दिल्ली स्थित सूरज प्लेसमेंट एजेंसी से कार्यालय से षड़यंत्र के आरोपित एजेंसी संचालक हीरा लामा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं आरोपी दोनो महिलाओं की तलाश जारी है।




