हरिद्वार। हत्या कर फरार हो चुके एक व्यक्ति को पुलिस ने कड़ी मशक्कत ेके बाद गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी निशानदेही पर खून सनी कमीज, हत्या में प्रयुक्त डंडा व मृतक का मोबाइल बरामद हुआ है। आरोपी अपनी गिरफ्तारी के डर से रात दिन खेतो में दुबका हुआ रहता था।
जानकारी के अनुसार बीती 9 अगस्त को चौकी सुल्तानपुर पर सूचना मिली कि भिक्कमपुर जीतपुर में दो व्यक्तियों में लड़ाई झगडा हुआ है जिसमे एक व्यक्ति गम्भीर रुप से घायल है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुची तो जानकारी मिली कि दीपक नामक युवक ने बहस और मारपीट के दौरान राजेश को गम्भीर रुप से घायल कर दिया जिसकी अस्पताल ले जाते हुए मृत्यु हो गयी। मृतक के भतीजे शुभम कुमार की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी। साथ ही आरोपी के भागने के संभावित रास्तों की घेराबन्दी कर सघन तलाशी अभियान शुरु किया गया। लगातार दायरा घटाकर भिक्कमपुर व अलावलपुर के खेतों में चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के दौरान सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी दीपक को अलावलपुर चौक से ब्रहमपुर रोड़ पर बने ट्यूबेल से गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशांदेही पर मारपीट के दौरान पहनी खून से सनी कमीज, हत्या में प्रयुक्त डंडा व मृतक का मोबाइल भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 अगस्त की रात बच्चों के रिश्तेदारी में जाने पर मृतक के बुलावे पर दीपक शराब पीने राजेश के घर गया। शराब पीने के दौरान दोनों के बीच पूर्व में गांव मे हुए झगड़े को लेकर हुई बहसबाजी में मृतक द्वारा हत्यारोपी के पिताजी के बारे में अपशब्द कह उसे अपने घर से निकल जाने की बात कहने पर दीपक ने अपना आपा खो दिया और अपने घर से गुस्से में डंडा लाकर शराब के नशे में चारपाई पर बैठे राजेश के सर पर ताबडतोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने गंभीर रूप से घायल हो चुके राजेश का मोबाइल भी ले लिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके। घटना के बाद गांव में शोरगुल होता देख आरोपी खेतो के रास्ते भागकर भिक्कमपुर से फतवा रोड़ पर पानी से भरे खेत के पास पहुंचा जहां पास ही बने झोपडे में छिपकर उसने रात बितायी। आरोपी ट्यूवैल के पास छिपकर आने जाने वाले लोगों पर नजर भी रख रहा था ताकि किसी पहचान वाले भरोसेमंद आदमी के मिलने पर पैसो का इंतजाम कर कही दूर फरार हो सके।




