Home ताजा ख़बर आतंकियों के स्केच जारी

आतंकियों के स्केच जारी

0
575

  • देश में हमले को लेकर भारी गुस्सा, विरोध—प्रदर्शन
  • कश्मीर घाटी में स्कूल, बाजार, यातायात सब बंद

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बीते कल हुए आतंकी हमले में एनआईए को बड़ी कामयाबी मिली है। इस हमले में शामिल सभी पांच आतंकवादियों की पहचान कर ली गई है तथा इनमें से तीन आतंकियों के स्केच भी जारी कर दिए गए हैं साथ ही लोगों से उनके बारे में जानकारी देने की अपील की गई है। जम्मू कश्मीर के घटना स्थल के आसपास जंगल में आतंकियों की तलाश में ज्वांइट सघन अभियान चलाया जा रहा है।
आर्मी और बीएसएफ के इस ज्वाइंट कांबिंग अभियान में सुरक्षा बल लगातार घने जंगलों को छान रहे हैं तथा एमआइ—17 का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार इन आतंकियों की संख्या 5 से 6 के बीच बताई जा रही है जिनके नाम सुलेमान शाह, अबू तल्हा, आसिम फौजी तथा आदिल गौरी खालिद बताये जा रहे हैं। इस हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह खालिद बताया गया है। इनमें से तीन के स्केच भी जारी कर दिए गए तथा लोगों से उनके बारे में जानकारी देने की अपील की गई है। यह सभी आतंकवादी अत्याधुनिक हथियारों से लैस बताए गए हैं तथा हमले में एके—47 का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है।
निर्दाेष और निहत्थे पर्यटकों को उनकी पहचान पूछ कर गोलियां मारने की इस घटना ने एक बार फिर हमास के उन लड़ाकों की यादों को ताजा कर दिया जब 563 दिन पूर्व इजराइलियों पर गोलियां बरसाई गई थी। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि पहले पहचान पूछी गई और फिर पैंट उतरवा कर शिनाख्त की गई और फिर गोली मार दी गई। पुलवामा नरसंहार के बाद यह घाटी में बीते 3 साल में होने वाली दूसरी सबसे बड़ी वारदात है। इस हमले को लेकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक देशवासियों में भारी आक्रोश देखा गया है तथा कई राज्यों तथा शहरों में इसके विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। लोगों की मांग है कि भारत को पाक की इस कायराना हरकत का मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।
आज इस नरसंहार जिसमें 26 पर्यटकों सहित 28 लोगों की हत्या हुई, के विरोध में कश्मीर घाटी में पूरी तरह बंद रखा गया न कोई बाजार खुला न ही स्कूल कॉलेज, सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा और सिर्फ सुरक्षा बलों के वाहन ही दिखाई दिए। हमले में दो स्थानीय युवकों के शामिल होने की भी खबर है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। आज शाम तक गृहमंत्री दिल्ली लौट रहे हैं तथा आज ही वह एसीसी की हाई लेवल मीटिंग भी करने वाले हैं पीएम मोदी का कल का कानपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। इस हमले को लेकर देशवासियों में भारी आक्रोश व गुस्सा है तथा वह पाकिस्तान पर बड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here