नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटापे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पीएम मोदी ने मोटापे के खिलाफ इस लड़ाई में मदद के लिए जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उद्योगपति आनंद महिंद्रा, मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल और अभिनेता मोहनलाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के 10 दिग्गज हस्तियों को नामित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, मैं मोटापे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और भोजन में तेल की खपत को कम करने के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए कुछ लोगों को नामित करना चाहूंगा। मैं उनसे यह भी अनुरोध करता हूं कि वे भी आगे ऐसे 10 और लोगों को नामित करें ताकि हमारा आंदोलन बड़ा हो सके। प्रधानमंत्री ने जिन अन्य हस्तियों को नामित किया है उनमें भोजपुरी सिंगर-अभिनेता निरहुआ, निशानेबाज मनु भाकर, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि, अभिनेता आर माधवन, गायिका श्रेया घोषाल और सामाजिक कार्यकर्ता एवं सांसद सुधा मूर्ति के नाम शामिल हैं। मोटापे के खिलाफ लड़ाई की जोरदार वकालत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से खाने में कम तेल का उपयोग करने और 10 अन्य लोगों को यह चुनौती देने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वस्थ देश के लिए मोटापे की समस्या से निपटने पर बल देते हुए रविवार को देशवासियों से खाने के तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कटौती करने का आह्वान किया। आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की ताजा कड़ी में उन्होंने एक शोध का हवाला देते हुए कहा कि आज हर आठ में से एक व्यक्ति मोटापे की समस्या से परेशान है और बीते कुछ वर्षों में ऐसे मामले दोगुने हो गए हैं।




