रूद्रप्रयाग। वर्ष 2022 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हैलीकॉप्टर का टिकट दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ढाई हजार का ईनाम था जिसके दो साथियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार मई 2022 में परीक्षित शारदा पुत्र डॉ. जितेन्द्र शारदा निवासी पंजेहरा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश ने साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की गयी थी कि उनके द्वारा दिनांक 7 मई 2022 को श्री केदारनाथ धाम यात्रा के लिए आनलाइन हैलीकॉप्टर टिकट बुक किये गये, 12 लोगों हेतु टिकट बुकिंग के लिए टिकट व जीएसटी सहित कुल 1 लाख 12 हजार रुपये लिये गये। इनके द्वारा सारा भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया गया। तत्समय इनको किसी भी प्रकार के हैली टिकट उपलब्ध नहीं हो पाये और न ही इनकी धनराशि वापस की गयी। वर्ष 2022 में ही इस प्रकरण में थाना गुप्तकाशी पर ठगी का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की गयी। जांच में 3 आरोपी प्रकाश में आये थे, जिनमे से 2 आरोपियों को माह अगस्त 2022 में ही गिरफ्तार कर लिया था, परन्तु इनमें से तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निरन्तर प्रयास किये गये परन्तु शातिर किस्म के इस आरोपी द्वारा निरन्तर अपने ठिकाने बदले गये। समय—समय पर पुलिस के स्तर से इस आरोपी के विरुद्ध ईनाम भी घोषित किये गये। वर्तमान समय में इस आरोपी पर 2500 का ईनाम घोषित था।
एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पुनः वांछित व ईनामी आरोपी की धरपकड़ हेतु सटीक योजना व सर्विलांस की सहायता से टीमों को रवाना किया गया तथा इस मुकदमें से सम्बन्धित तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी है। जिसका नाम गुड्डू कुमार पुत्र चंद्रभूषण निवासी ग्राम नारंगा थाना मराची जिला पटना बिहार हाल मिल्क मैन कॉलोनी गली नंबर 10 थाना शास्त्री नगर जोधपुर राजस्थान बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




