- चुनाव से पहले ही कांग्रेस ने मानी हारः धामी
- डबल इंजन सरकार के काम से जनता खुश
देहरादून। केदारनाथ विधानसभा चुनाव प्रचार अब अपने पीक पर पहुंच चुका है। भाजपा और कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता प्रचार में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने आज यहां तीन जनसभाएं की वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी एक बार फिर आज अपने अलग अंदाज में प्रचार करते नजर आए। भाजपा व कांग्रेस के नेताओं द्वारा अपनी अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि कांग्रेस झूठे प्रचार के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने कहा कि मंदिर से सोना चोरी और केदारनाथ यात्रा रूट बदलने से लेकर केदार शिला दिल्ली ले जाने जैसी झूठी बातों का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस झूठे प्रचार से साफ हो गया है कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ क्षेत्र की जनता को डबल इंजन सरकार के काम से पूरी संतुष्टि है उनका कहना है कि जनता को पता है कि 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ के विकास के लिए कितना काम किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार आगे भी विकास के लिए अनेक काम कर रही है। लोगों को पता है कि सिर्फ भाजपा ही विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि हम बड़े अंतर से जीत दर्ज करने जा रहे हैं। धामी ने आज चंद्रनगर, चोपता और त्रियोगी नारायण में तीन जन सभाओं को संबोधित करते हुए लोगों से भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को वोट देने की अपील की। केदारनाथ चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है तथा 18 नवंबर सांय 5 तक प्रचार अभियान जारी रहेगा।




