- बस में भरी थी क्षमता से अधिक सवारियां
- मृतक आश्रितों को चार लाख व घायलों को एक लाख मुआवजा
- दिल्ली दौरा छोड़कर सीएम धामी रामनगर पहुंचे
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में आज सुबह 8 बजे एक सवारियों से खचाखच भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 36 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 15 घायलों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जिसमें से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी और ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया है। कुछ लोगों के नदी में गिरने की खबरें भी आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार के एम ओ यू की 42 सीटर बस आज सुबह किनाथ से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। त्यौहार मना कर अपने घर या ड्यूटी वापस लौटने वाले लोगों की भारी भीड़ थी। 42 सीटर इस बस में क्षमता से अधिक 60 के आसपास लोग सवार थे। जो मार्चुला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कंट्रोल रूम को स्थानीय लोगों द्वारा 9 बजे इसकी सूचना दी गई। दूरस्थ क्षेत्र की घटना को लेकर बचाव व राहत टीमों को भी पहुंचने में समय लगा तब तक आसपास की ग्रामीण ही बचाव व राहत कार्यो में जुटे रहे। हादसा अत्यंत ही भयानक था। दुर्घटना स्थल पर ही 36 लोगों ने दम तोड़ दिया तथा 15 घायलों को रामनगर अस्पताल लाया गया जहां से चार की गंभीर स्थिति होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल तथा तीन को ऋषिकेश एम्स एयर एंबुलेंस से लाया गया है जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिल्ली में जब इस हादसे की जानकारी दी गई तो उन्होंने तुरंत कमिश्नर कुमाऊं तथा डीएम अल्मोड़ा को घटनास्थल पर जाने तथा हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए तथा वह खुद भी अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर रामनगर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने एआरटीओ अल्मोड़ा और पौड़ी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है तथा घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं। जिसकी जिम्मेदारी कमिश्नर कुमाऊं को सौंपी गई है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक आश्रितों को चार—चार लाख तथा घायलों को एक—एक लाख मुआवजा राशि देने की भी घोषणा कर दी है। इस दुर्घटना में सभी मृतक और घायल उत्तराखंड राज्य के ही बताये जा रहे हैं जिनकी शिनाख्त कर सूची जारी करने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सरकार पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।




