हरिद्वार। जीजा की डंडे से पीटकर हत्या करने वाले आरोपी साले का पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा व खून सनी कमीज भी बरामद की गयी है। आरोपी अपनी बहन से मारपीट को लेकर अपने जीजा से रंजिश रखा करता था।
जानकारी के अनुसार बीती 29 अक्टूबर को खत्ताबस्ती चंडीघाट में समय करीब 9 बजे लड्डू उर्फ लक्की पुत्र हीरालाल निवासी खत्ता बस्ती चंडीघाट माजरा द्वारा अपने जीजा दुर्गेश पुत्र राम अवतार के साथ लड़ाई झगड़ा होने पर अपने जीजा को डंडों से बुरी तरह पीट दिया था। जिनकी स्थिति अत्यधिक गंभीर होने की सूचना पर श्यामपुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को 108 के माध्यम से जिला चिकित्सालय हरिद्वार भिजवाया गया जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया था। मृतक दुर्गेश के पिता रामवतार की तहरीर पर थाना श्यामपुर पुलिस ने तत्काल लड्डू उर्फ लक्की के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गयी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद हत्यारोपी लड्डू उर्फ लक्की को गौरी शंकर पार्किंग प्रवेश द्वार वाली रोड से दबोच लिया गया है। जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल 1 डण्डा व आरोपी की खून से सनी हुई कमीज बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी बहन के साथ हो रही मारपीट को लेकर अपने जीजा से रंजिश रखता था जो पूर्व से ही इस रिश्ते को लेकर नाखुश था। बहन पर हो रही ज्यादती को लेकर जीजा साले के बीच हुई लड़ाई में साले ने जीजा को डंडे से पीट पीटकर मार डाला। बहरहाल पुलिस ने हत्यारोपी साले को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




