लखनऊ । गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में फिल्म सिटी बनाने के लिए आज फिल्ममेकर बोनी कपूर और भूटानी इंफ्रा समर्थित फर्म बेव्यू प्रॉजेक्ट्स ने यमुना विकास प्राधिकरण के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए। यमुना विकास प्राधिकरण (के साथ फिल्म सिटी का कन्सेशन एग्रीमेंट साइन करने के लिए बोनी कपूर आज ग्रेटर नोएडा आए थे। बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप मिलकर फिल्म सिटी के निर्माण का कार्य जल्द ही चालू करवाएंगे। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ही नोएडा फिल्म सिटी बनेगी। आने वाले 6 महीने के अंदर फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस फिल्म सिटी को 1000 एकड़ में बनाया जाएगा और इसके लिए 500 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट किया जायेगा। भूटानी समूह के आशीष भूटानी और बोनी कपूर ने ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण के कार्यालय में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुण वीर सिंह और अतिरिक्त सीईओ शैलेन्द्र भाटिया की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए। यमुना प्राधिकरण जिस जगह फिल्म सिटी बनाएगी वहां से नोएडा एयरपोर्ट छह किलोमीटर दूरी पर होगा। यह सेक्टर-21 यमुना एक्सप्रेसवे के भी करीब है और लोकेशन के लिहाज से यह बेहतरीन सेक्टर है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से इसकी दूरी 12 किलोमीटर है। इससे इलाके में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और फिल्म निर्माण की संख्या भी बढ़ेगी। ये फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश को देश का नया फिल्म हब बनाने में मदद करेगी और खासकर उत्तर भारत से मुंबई जाने वालों के लिए ये नजदीक रहेगी। पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को नए-नए टैलेंट और नई कहानियों के लिए एक नया स्थान मिलेगा।




