नेपाल में आये भीषण भूकंप से 128 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

0
188

काठमांडू। नेपाल में शुक्रवार रात को आए तेज़ भूकंप में 128 लोग मारे गए हैं और 140 से अधिक घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र नेपाल का जाजरकोट था और इसका असर दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में भी महसूस किया गया। रात 11.47 बजे आए 6.4 तीव्रता के इस भूकंप में सबसे अधिक नुक़सान करनाली प्रांत के जाजरकोट और रुकुम पश्चिम में हुआ है।
नेपाली पुलिस के प्रवक्ता कुबेर कादायत ने बताया कि सबसे अधिक जाजरकोट में 92 और रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 140 से अधिक लोग घायल हैं। उन्होंने बताया, “स्थानीय क्षेत्र के सुरक्षा बलों को भूकंप प्रभावित इलाके में तैनात कर दिया गया है। सुरखेत में आठ प्लाटून और एक हेलीकॉप्टर को भी बचाव और खोज अभियान में लगाया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक घायलों में से 30 लोगों का इलाज रुकुम पश्चिम में और 100 से ज़्यादा लोगों का इलाज जाजरकोट अस्पताल में किया जा रहा है। भूकंप के बाद कई जगह पर भूस्खलन की खबरें भी हैं, जिसके चलते घायलों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घायल मरीजों का इलाज भेरी अस्पताल, नेपालगंज नर्सिंग होम और मेडिकल कॉलेज कोहलपुर में किया जा रहा है अधिकारियों ने बताया कि रांझा स्थित नेपाली सेना अस्पताल, नेपालगंज पुलिस अस्पताल और भेरी अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए 105 बेड खाली कर दिए गए हैं।
करनाली प्रांत के पुलिस प्रमुख डीआइजी भीम प्रसाद ढकाल ने बताया कि भूकंप के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी प्रभावित इलाके में घायलों को बचाने में जुट गये। उनके मुताबिक बचाव के लिए करनाली प्रांत पुलिस कार्यालय से 56 लोगों की एक टीम भेजी गई है। डीआइजी ढकाल ने बताया कि पुलिस अस्पताल से दवाओं के साथ स्वास्थ्य कर्मियों की एक टीम भूकंप प्रभावित क्षेत्र में गयी है। उन्होंने कहा, ”कई जगहों पर भूस्खलन के कारण बचाव मुश्किल हो रहा है. हेलीकॉप्टर के मदद से लोगों को बाहर निकालने की कोशिशें भी की जा रही हैं।

सीएम धामी ने नेपाल में आए भूकम्प से हताहत हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आए भूकम्प से हताहत हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड सरकार एवं उत्तराखंड की जनता नेपाल के साथ खड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here