दिल्ली पुलिस का 5 पत्रकारों के घर छापा

0
230


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में न्यूज पोर्टल ‘न्यूजक्लिक’ से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दिल्ली पुलिस ने न्यूजक्लिक से जुड़े लोगों के घरों से लैपटॉप, मोबाइल, हार्ड डिस्क आदि जब्त किया है। जिन लोगों के घर छापेमारी की गई, उनमें कुछ पत्रकार भी शामिल हैं, जिनमें अभिसार शर्मा, उर्मिलेश, संजय राजौरा, भाषा सिंह, प्रबीर पुरखयस्थ, अनिंदयो चक्रबर्ती, सोहैल हाशमी शामिल है। अभिसार शर्मा पत्रकार हैं। पिछले 15 वर्षों से टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। उन्हें 2008-2009 में देश के सर्वोच्च पत्रकारिता पुरस्कार ‘रामनाथ गोयनका’ अवार्ड से सम्मानित किया गया था। फिलहाल, अभिसार शर्मा पत्नी आईआरएस ऑफिसर सुमना सेन और दो बच्चों के साथ एनसीआर में रहते हैं। अभिसार शर्मा ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। 1995 में समाचार और करंट अफेयर्स पत्रिका न्यूट्रेट से करियर की शुरुआत की। 1996 में बतौर रिपोर्टर जी न्यूज से जुड़े। इसके बाद अभिसार शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वे कई विवादों में भी फंस चुके हैं। अभिसार एक यूट्यूबर भी हैं, जिनके लाखों सबसक्राइबर हैं।
पत्रकार भाषा सिंह पिछले 25 साल से पत्रकारिता में एक्टिव हैं। वे पत्रकारिता के अलावा राइटिंग करती हैं और डॉक्यूमेंटरी भी बनाती हैं। भाषा सिंह का जन्म 1971 को दिल्ली में हुआ था। भाषा की पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में हुई है। सिर पर मैला ढोने की प्रथा की पड़ताल करती भाषा सिंह की किताब ‘अदृश्य भारत’ काफी चर्चित रही थी। भाषा सिंह को भी ‘रामनाथ गोयनका पुरस्कार’ मिल चुका है।
सीनियर उर्मिलेश सिंह भारतीय पत्रकार, टेलीविजन एंकर और लेखक हैं। वह 2010 से 2012 तक राज्यसभा टीवी के कार्यकारी निदेशक रहे। उन्होंने हिंदुस्तान और नवभारत टाइम्स जैसे अखबारों में काम किया। फिलहाल, उर्मिलेश न्यूजक्लिक में रीडर्स एडिटर हैं। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ आर्ट्स की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने 1981 में जेएनयू से एमफिल किया है। उन्होंने कई हिंदी पुस्तकें लिखी हैं, जैसे कश्मीर-विरासत और राजनीति (2006), झारखंड जादुई जमीन का अंधेरा, बिहार का सच, राहुल सांकरतिया सरकार और संघर्ष, झेलम कनारे दहकते चिनारा।
सीनियर पत्रकार प्रबीर पुरकायस्थ न्यूजक्लिक के एडिटर हैं। पत्रकार बनने से पहले उन्होंने इंजीनियरिंग की डिग्री ली थी। प्रबीर पुरकायस्थ ने ही न्यूज़क्लिक की स्थापना की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here