June 15, 2026पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भगोड़े अपराधी तक पहुंचाये गये थे हथियार व स्मैक देहरादून। उत्तराखण्ड को शरणस्थली बनाने वाले पंजाब के एक शातिर बदमाश को एसटीएफ उत्तराखण्ड, पंजाब पुलिस व बाजपुर थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्यवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बीती 23 मई को आरोपी बदमाश पंजाब पुलिस की छापेमारी के दौरान फरार होने में सफल रहा था जिसके घर से पंजाब पुलिस ने भारी मात्रा में हरियार व ड्रग्स बरामद की थी। जिसको आरोपी के पास पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये पहुंंंचाया गया था।एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आज सुबह उत्तराखण्ड एसटीएफ, पंजाब पुलिस व बाजपुर पुलिस के ज्वाइंट ऑप्रेशन में जनपद ऊधमसिंह नगर के मौहल्ला केशवनगर, बाजपुर से पंजाब के भगोड़े अपराधी ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी गली नं. 1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि बीती 23 मई को अमृतसर, पंजाब में नशा एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स अमृतसर एवं बीएसएफ टीम द्वारा एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह कार्रवाई ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी गली नं. 1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी के आवास पर रेड की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ईशानप्रीत सिंह मकान की छत से छलांग लगाकर पीछे की ओर से फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में हथियार एवं मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनमें 12 पिस्टल, 3 बरेटा पिस्टल, 3 जिगाना पिस्टल, 6 मेड इन चाइना पिस्टल, 20 मैगजीन व 900 ग्राम हेरोइन शामित थी।एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि पंजाब पुलिस से सम्पर्क करने पर ये बात सामने आयी कि ईशानप्रीत के पास सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये बार्डर पर ये हथियार व ड्रग्स पहुँचाये गयी थी। तब से पंजाब पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा उसकी तलाश के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच उत्तराखण्ड एसटीएफ को पंजाब पुलिस के माध्यम से ईशानप्रीत के उत्तराखण्ड में जनपद ऊधमसिंह नगर में होने की सूचना दी गयी जिसपर एक टीम को इस टास्क पर लगाया गया , आज तड़के एसटीएफ उत्तराखंड व पंजाब पुलिस की एएनटीएफ व स्थानीय पुलिस टीम द्वारा चलाये गये ज्वाइंट ऑप्रेशन में बाजपुर के केशवनगर से इस अपराधी को गिरफ्तार किया गया। जिसे पूछताछ के उपरान्त पंजाब पुलिस के सुपुर्द किया गया।
June 15, 2026रूठे नेताओं को मनाकर भीतरघात का खतरा टालने की कोशिश कमजोर कड़ियों को मजबूत कर क्लीन स्वीप की चल रही तैयारी चुनावी शंखनाद से पहले कुनबे को एक रखने की कवायद शुरू देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही भाजपा ने संगठन और सत्ता के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ-साथ नाराज नेताओं को साधने की कवायद भी तेज कर दी है। हाल के दिनों में पार्टी नेतृत्व लगातार संगठन को मजबूत करने, हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस करने और कार्यकर्ताओं व नेताओं को एकजुट रखने पर जोर दे रहा है।उत्तराखंड विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ महीने दूर हों, लेकिन भाजपा ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी नेतृत्व को यह एहसास है कि लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का रास्ता केवल सरकारी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता से होकर गुजरता है। यही वजह है कि भाजपा के बड़े नेता अब उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने में जुट गए हैं जो पिछले कुछ वर्षों में टिकट, दायित्व या संगठनात्मक उपेक्षा को लेकर नाराज रहे हैं। भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन विधानसभा क्षेत्रों की है जहां 2022 के चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था या जीत का अंतर बेहद कम रहा था। पार्टी नेतृत्व इन सीटों पर विशेष रणनीति बना रहा है और सांसदों, विधायकों तथा वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंप रहा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले किसी भी प्रकार की अंदरूनी नाराजगी भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। यही कारण है कि संगठन स्तर पर ऐसे नेताओं से संवाद बढ़ाया जा रहा है जो पिछले चुनावों के बाद खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे थे। कई वरिष्ठ नेताओं को फिर से सक्रिय भूमिका देकर कार्यकर्ताओं में संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि पार्टी सभी को साथ लेकर चलना चाहती है।भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी हालिया बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया है। पार्टी सांसदों और विधायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावशाली लोगों, सामाजिक संगठनों और पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाएं। इसके पीछे मकसद चुनावी माहौल बनने से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय करना है। दूसरी ओर टिकट की दावेदारी को लेकर भी भाजपा सतर्क दिखाई दे रही है। प्रदेश नेतृत्व पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उम्मीदवार चयन का आधार केवल जीतने की क्षमता होगी और इसके लिए कई स्तरों पर सर्वे कराए जाएंगे। ऐसे में टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं को अभी से अनुशासन में रहने का संदेश दिया जा रहा है।भाजपा की रणनीति साफ हैकृपहले संगठन को एकजुट करना, फिर सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाना और अंत में चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरना। पार्टी को लगता है कि यदि नाराज नेताओं को समय रहते मना लिया गया तो 2027 की राह अपेक्षाकृत आसान हो सकती है। लेकिन यदि असंतोष खुलकर सामने आया तो विपक्ष को भाजपा के खिलाफ बड़ा मुद्दा मिल सकता है। कुल मिलाकर उत्तराखंड भाजपा में इन दिनों चुनावी तैयारी के साथ-साथ मनाओ और साथ लाओ अभियान भी चल रहा है। आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी अपने रूठे नेताओं को कितनी सफलता से मना पाती है और इसका असर 2027 के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है।
June 15, 2026हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हर की पैड़ी, ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, सुभाष घाट एवं कुशा घाट समेत सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों के साथ—साथ विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे शहर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।मेले के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा—निर्देश देते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।प्रशासन द्वारा मेले को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। सभी अधिकारियों को अपने—अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित न होने पाए और श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रूप से चलता रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए चप्पे—चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ/एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। घाटों पर बैरिकेडिंग, अनाउंसमेंट सिस्टम एवं दिशा—निर्देशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दिया जाता रहा।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया, जिसके तहत विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई। बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से घाटों तक पहुंचाया गया।
June 15, 2026खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक पेड मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। आज यहां खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए मंदिर परिसर में साफ—सफाई की तथा एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण के लिए सभी नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही एक जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं।
June 15, 2026मामला अंकिता भण्डारी हत्याकांड से है सम्बन्धित देहरादून। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला बहुचर्चित अंकिता भण्डारी हत्याकंाड से जुड़ा हुआ है।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बीती 5 जनवरी को कोतवाली डालनवाला मेेंं दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखण्ड प्रदेश प्रभारी भाजपा द्वारा तहरीर देकर बताया गया कि सुरेश राठौर, पूर्व विधायक ज्वालापुर विधानसभा हरिद्वार व एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के द्वारा कुछ राजनैतिक पार्टियों से मिलीभगत कर सुनियोजित रुप से आपराधिक षडयंत्र रचते हुए झूठी व मनगढंत ऑडियो व वीडियो बनाकर उनकी पार्टी एंव अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि खराब करने, झूठी ऑडियो व वीडियो का आपसी वार्तालाप करके सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शान्ति व्यवस्था भंग करने, उपद्रव व दंगे फैलाने का प्रयास किया गया है। मामले मेे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान साक्ष्य व तथ्यों के आधार पर आरोपी सुरेश राठौर के खिलाफ 308(6) बीएनएस की वृद्धि की गयी व पुलिस टीम द्वारा आरोपी सुरेश राठौर को बीती रात एक सूचना के आधार पर बहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसे आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
June 15, 2026घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के बुड्डी गांव में बीती रात हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद हुई है। मृतक पेशे से वकील था और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्ष्क प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बीती रात कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि भुड्डी गांव में एक युवक को अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर गोली मार दी, जिसे उसके परिजनों व आसपास के लोगो द्वारा नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस त्वरित घटना स्थल पर पहुंची। मौके पर मृतक युवक की पहचान सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून निवासी ग्राम भुड्डी, कोतवाली पटेलनगर के रूप मे हुयी, मृतक के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक अपने माता पिता तथा अन्य भाइयों के साथ उक्त घर में रहता था। 20—25 दिन पूर्व मृतक के माता पिता हज पर गये थे तथा मृतक अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर पर अकेला था। घटना के सम्बन्ध में सूचना देने वाले युवक सुहान पुत्र फुरकान से जानकारी करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसके ताऊ का लड़का वसीम, जो ड्राइवर का काम करता है, उसके द्वारा उसे फोन कर जानकारी दी कि सोहेल के घर के पास गाड़ी को बैक करते समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी, जिस पर सुहान तत्काल सोहेल के घर गया, जहाँ उसके छोटे भाई ने उसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर उसके भाई सोहेल को गोली मारने की बात बतायी गयी थी, जिसके बाद वे सोहेल को लेकर नजदीकी अस्पताल गये थे। मृतक के भाई से जानकारी में भी उसके द्वारा अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारना बताया गया। जिस पर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गयी। पुलिस ने जब आस पास के सीसी कैमरे खंगाले तो पता चला कि उसमे से रिकार्डिग को हटायी गयी है। आसपास के कैमरों की फुटेजों में घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति का घर के अन्दर न आना प्रकाश में आया। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गयी एक देशी पिस्टल बरामद हुयी, जिसके सम्बन्ध में मृतक के छोटे भाई से जानकारी करने पर वह कोई स्पष्ट जबाब नही दे पाया। जिस पर मृतक के छोटे भाई को शाहिद को पूछताछ हेतु हिरासत में लेते हुये थाने लाया गया, जहां उससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा घर से बरामद देशी पिस्टल से अपने भाई सोहेल को गोली मारकर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया तथा पुलिस से बचने के लिये अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके भाई को गोली मारने की झूठी जानकारी देना बताया गया, जिस पर शाहिद को पुलिस टीम द्वारा मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह करने के लिये अपने परिजनों व आसपास के लोगो को भी घटना के सम्बन्ध में झूठी जानकारी देकर उकसाया गया तथा उनके साथ मिलकर अपने भाई सोहेल के शव को देहरादून पोन्टा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क को जाम किया गया जिससे आमजन को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ा।जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शाहिद नशे का आदी है तथा अक्सर अपने महंगे शोको को पूरा करने तथा दोस्तों के बीच रौब झाड़ने के लिये वह अपने घर वालो तथा बड़े भाई सोहेल से पैसे लिया करता था, उसकी गलत आदतों की वजह से उसका बड़ा भाई सोहेल उसे अक्सर टोकता रहता था तथा कई बार उसके द्वारा उस पर हाथ भी उठाया था। कुछ दिन पूर्व उनके माता पिता के हज पर जाने के बाद सोहेल को जानकारी हुयी कि उसके पिता का एटीएम, जो सोहेल के पास रहता था, उसे आरोपी द्वारा चोरी कर अपने पास रख लिया था तथा एटीएम के माध्यम से लगभग 10 लाख रूपये अपने पिता के खाते से निकालते हुये उसे अपनी अय्यासी में खर्च कर दिये थे। इस बात को लेकर सोहेल का आरोपी से विवाद हो गया था तथा सोहेल ने उसके ऊपर हाथ उठाते हुये उसके साथ मारपीट कर दी थी। मारपीट से क्षुब्ध होकर आरोपी ने सोहेल की हत्या की योजना बनायी तथा घटना को अंजाम देने के लिये पिछले 2 दिनों से घर के सारे कैमरों की रिकार्डिग को बन्द कर कैमरों को लाइव मोड पर रख दिया। योजना के मुताबिक आरोपी द्वारा मौका देखकर बीती रातं अपने पास रखी देशी पिस्टल से अपने भाई को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी तथा घटना के बाद उक्त देशी पिस्टल को घर के बाथरूम में छिपाकर रख दिया।