ऊधमसिंह नगर। किच्छा में दो दिनों से लापता युवक का गौला नदी किनारे सें शव बरामद कर लिया गया है। हत्यारों ने युवक की हत्या कर उसका शव गौला नदी किनारे फेंक दिया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शम्भू पुत्र सुशील दफादार निवासी रेलवे कॉलोनी जंगल से लकड़ी एकत्र कर अपने परिवार की गुजर बसर करता था। बीते मंगलवार को वह घर से दोपहर में निकल गया था। शाम को जब वह घर लौट कर नहीं आया तो स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परंतु उसका कुछ पता नही चल सका। परिजन जंगल में ही उसकी खोजबीन कर रहे थे।
आज सुबह जब उसका भाई रवि खोजबीन करते हुए जंगल मे घूम रहा था तो शम्भू का शव गोला नदी के किनारे मिल गया। शरीर पर धारदार हथियार के निशान के साथ ही चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ं छानबीन में जुट गई। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर डाग स्क्वाड भी पहुंच गया है वहीं मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही परिजनों से मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। फिलहाल पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।